झारखण्ड पुलिस मुख्यालय का आदेश, 15 नवंबर से 10 मार्च तक पुलिसकर्मी पहनेंगे शीतकालीन वर्दी…
राँची।झारखण्ड में मौसम में बदलाव के साथ ही पुलिसकर्मियों की वर्दी भी बदलने जा रही है। ठंड के आगमन को देखते हुए झारखण्ड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए शीतकालीन वर्दी अनिवार्य कर दी है। अब आगामी 15 नवंबर से पूरे राज्य में पुलिसकर्मी गर्मी वाली मुड़ी हुई आस्तीन की जगह बंद आस्तीन वाली वर्दी में नजर आएंगे।
इस संबंध में पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड के आदेश के आलोक में पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन), झारखण्ड, राँची के कार्यालय से 6 नवंबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। आदेश ज्ञापांक 851/टीएस के तहत जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य के सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी 15 नवंबर 2026 से 10 मार्च 2027 तक शीतकालीन वर्दी (बंद आस्तीन) धारण करेंगे।
पुलिस मुख्यालय की ओर से इससे पहले 6 मार्च 2026 को ज्ञापांक 1451/टीएस के माध्यम से 9 मार्च 2026 से ग्रीष्मकालीन वर्दी पहनने का निर्देश जारी किया गया था। इसके तहत पुलिसकर्मियों को टोपी के साथ मुड़ी हुई आस्तीन वाली वर्दी पहननी थी। अब शरद ऋतु के आगमन और मौसम में बदलाव को देखते हुए इस व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है।
मुख्यालय से लेकर थानों और बटालियनों तक लागू होगा आदेश
जारी पत्र में राज्य के सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस उप-महानिरीक्षकों, राँची, धनबाद और जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षकों तथा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आदेश की प्रति भेजी गई है। इसके अलावा झारखण्ड पुलिस के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों, विशेष शाखा, रेल पुलिस, झारखण्ड जगुआर (एसटीएफ), एटीएस, वायरलेस, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा और विभिन्न पुलिस बटालियनों के समादेष्टाओं को भी आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। यानी 15 नवंबर से राज्यभर में पुलिस की वर्दी का नया मौसमी स्वरूप लागू हो जाएगा और अगले साल 10 मार्च तक बंद आस्तीन वाली शीतकालीन वर्दी ही निर्धारित ड्रेस कोड रहेगी।

