क्रिमिनल सिंडिकेट पर करारा वार: राँची पुलिस ने 13 साल में 23 हजार अपराधियों को भेजा जेल
– राँची पुलिस का ग्राउंड ‘स्ट्राइक रेट’: 30 हजार से ज्यादा वारंट और कुर्की तामील, अंडरग्राउंड होने वालों के घरों तक पहुंची खाकी
राँची।राजधानी राँची की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जिला पुलिस ने पिछले एक दशक से अधिक समय में जमीन पर जो लकीर खींची है, उसके आंकड़े हैरान करने वाले हैं।सामान्य अपराध की दुनिया से लेकर संगठित गिरोहों और एक्सट्रिमिस्ट नेटवर्क पर राँची पुलिस ने चौतरफा वार किया है। पिछले 13 सालों (2013-2025) के आधिकारिक डेटा की पड़ताल बताती है कि पुलिस ने न सिर्फ सड़कों और गलियों से हजारों अपराधियों को दबोचा, बल्कि एक्सट्रिमिस्ट गतिविधियों की रीढ़ तोड़ने में भी बड़ी कामयाबी हासिल की है।
सलाखों के पीछे ‘नेटवर्क’: 23 हजार से अधिक क्रिमिनल्स और 300+ एक्सट्रिमिस्ट्स ढेर
राजधानी को अपराध मुक्त करने की मुहिम में पुलिस का स्ट्राइक रेट लगातार ऊंचा रहा है। वर्ष 2013 से लेकर 2025 तक राँची पुलिस ने कुल 23,000 से अधिक क्रिमिनल्स को गिरफ्तार कर जेल भेजा. वहीं शहर और सीमावर्ती इलाकों में अशांति फैलाने की फिराक में लगे 300 से अधिक एक्सट्रिमिस्ट्स को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया गयामअकेले पिछले दो वर्षों (2024 और 2025) में 5,482 क्रिमिनल्स और 25 एक्सट्रिमिस्ट्स को दबोचा गया. 2025 में 2,653 क्रिमिनल्स व 14 एक्सट्रिमिस्ट्स, जबकि 2024 में 2,829 क्रिमिनल्स व 11 एक्सट्रिमिस्ट्स शिकंजे में आए।वर्ष 2018 में पुलिस की दबिश चरम पर रही, जब अकेले एक साल में रिकॉर्ड 3,978 क्रिमिनल्स और 55 एक्सट्रिमिस्ट्स सलाखों के पीछे भेजे गए. 2021 में 3,429 क्रिमिनल्स और 47 एक्सट्रिमिस्ट्स पकड़े गए, जबकि 2020 में 2,774 क्रिमिनल्स व 57 एक्सट्रिमिस्ट्स पर पुलिसिया गाज गिरी।
फरारियों के घर पर चला कानून का डंडा: 30 हजार से अधिक वारंट और कुर्की तामील
अक्सर शातिर अपराधी और एक्सट्रिमिस्ट वारदात को अंजाम देकर भूमिगत हो जाते हैं, लेकिन राँची पुलिस ने कागजी कार्रवाई को जमीन पर उतारकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. वारंट और कुर्की जब्ती के त्वरित निष्पादन ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं।वर्ष 2024 में पुलिस ने कोर्ट से जारी आदेशों पर आक्रामक रुख अपनाते हुए रिकॉर्ड 5,844 मामलों का निपटारा किया, जिसमें 5,349 गैर-जमानती वारंट और 495 कुर्की जब्ती की कार्रवाइयां शामिल रहीं।वर्ष 2025 में भी यह रफ्तार जारी रही और 2,626 वारंट तथा 119 कुर्की जब्ती समेत कुल 2,745 मामलों का ग्राउंड पर निष्पादन किया गया. 2023 में 3,554 (3,500 वारंट, 54 अटैचमेंट) और 2022 में 2,725 मामलों का सफल तामिला कराया गया।
या तो सरेंडर या सलाखें
राजधानी राँची में जिस तरह से क्रिमिनल्स और एक्सट्रिमिस्ट्स के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ एक्शन हुआ है, उसने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध का रास्ता चुनने वालों के पास या तो आत्मसमर्पण का विकल्प है या फिर सलाखों का। वारंट और कुर्की के जरिए संपत्ति जब्ती की कार्रवाई ने संगठित आपराधिक सिंडिकेट के नेटवर्क को आर्थिक और मानसिक दोनों स्तरों पर तोड़ कर रख दिया है।

