साहिबगंज में पुरानी रंजिश में खूनी खेल, पड़ोसी पुलिस जवान ने टेंट हाउस संचालक के सिर में सटाकर मारी दो गोलियां,हत्या के आरोप में दो जवान गिरफ्तार
साहिबगंज। दीपावली के उत्सवी माहौल के बीच साहिबगंज शहर में रविवार देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक के पास आपसी विवाद में टेंट हाउस संचालक मुन्ना साह (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि अपराधियों ने उनके सिर में सटाकर दो गोलियां मारीं। घटना में चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि हत्या का आरोप झारखण्ड पुलिस के दो जवानों पर लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान पवन साह और उसके एक और साथी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार जवानों में एक के बोकारो जिला बल में पदस्थापित है दूसरा देवघर जिला बल में हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब दो बजे पूर्वी फाटक के पास मुन्ना साह और आरोपी जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान जवान पवन कुमार ने मुन्ना साह पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि उन्हें सिर में बिल्कुल करीब से दो गोलियां मारी गईं। गोली लगते ही मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दीपावली की खुशियां मना रहे लोगों के बीच दहशत फैल गई।
सदर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर, रास्ते में तोड़ा दम
गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत बेहद नाजुक होने के कारण चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल से हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही मुन्ना साह ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
हत्या में पुलिस जवानों का नाम आने से महकमे में हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रातभर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में दोनों आरोपी जवानों को हिरासत में ले लिया गया। बाद में उनकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस महकमे से जुड़े जवानों पर हत्या का आरोप लगने से पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
आपसी विवाद में हत्या की आशंका, असली वजह की जांच जारी
एसपी अमित कुमार सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जवान पवन कुमार और उसका साथी और मुन्ना साह के बीच पुरानी दुश्मनी को लेकर विवाद हुआ था।देर रात विवाद ज्यादा बढ़ने के कारण गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी,दोनों आरोपी जवान से पूछताछ जारी है।। जांच के बाद ही घटना के पीछे की पूरी कहानी सामने आ सकेगी।
टेंट हाउस और हलवाई का काम करते थे मुन्ना साह
मृतक मुन्ना साह साहिबगंज शहर में टेंट हाउस का संचालन करते थे। इसके अलावा वे हलवाई का काम भी करते थे। स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक परिचित और सक्रिय व्यक्ति के रूप में थी। दीपावली जैसे त्योहार के बीच उनकी हत्या से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र हत्या की वजह, गोली चलाने की परिस्थितियां और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका है। अब देखना होगा कि पूछताछ और जांच में इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की पूरी वजह कब तक सामने आती है।

