जमशेदपुर में दिवाली की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला आजादनगर, मस्जिद के पास ताबड़तोड़ फायरिंग;दो युवकों को लगी गोली, TMH में भर्ती
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में दीपावली की खुशियों के बीच रविवार देर रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से आजादनगर का इलाका दहल उठा। ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित बहरा मैदान के पास हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बाद पहुंचे युवकों के एक समूह ने जमकर हंगामा किया और देखते ही देखते मामला मारपीट से गोलीबारी तक पहुंच गया। इस दौरान दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में मोहम्मद सद्दाम ने बताया कि उनकी बहन के घर पर रविवार देर रात अचानक करीब 10 से 20 युवक पहुंच गए। सभी उनके भाई की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान युवकों ने उनके बड़े भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक बड़ी संख्या में युवकों के पहुंचने और मारपीट किए जाने से घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सद्दाम के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद वह कपाली से मौके पर पहुंचे। उनके वहां पहुंचते ही युवक भागने लगे। इसके बाद उनका पीछा किया गया। आरोप है कि इसी दौरान चना वसीम और उसके साथ मौजूद तीन से चार युवकों ने मस्जिद के पास अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
भतीजे पर भी तानी पिस्टल, दो युवकों को लगी गोली
मोहम्मद सद्दाम के मुताबिक, आरोपियों ने उनके भतीजे पर भी पिस्टल तान दी थी। इसी बीच हुई गोलीबारी में साकिब नूर को गोली लग गई। वहीं, उसे बचाने और बीच-बचाव करने पहुंचे परवेज भी गोली लगने से घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग के बाद घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां टीएमएच में उनका इलाज चल रहा है। दीपावली की रात हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चना वसीम पर गंभीर आरोप, जेल से हाल में बाहर आने का दावा
घटना के बाद मोहम्मद सद्दाम ने चना वसीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि चना वसीम के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से बाहर आया है। दीपावली की रात दो युवकों को गोली मारे जाने की घटना के बाद आजादनगर इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

