घर से सिर्फ 3 KM दूर था मंजिल, महानदी में समा गई कार,पत्रकार दंपती और दो बच्चों की मौत..

 

रायपुर/गरियाबंद। दीपावली का त्योहार मनाकर घर लौट रहा एक पूरा परिवार रास्ते में ही मौत के आगोश में समा गया। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें पत्रकार पति-पत्नी समेत उनके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार की कार अनियंत्रित होकर राजिम के टीला एनीकट से सीधे महानदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोगों की जान चली गई। जिस घर में दीपावली की खुशियां लौटने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है।

रायपुर में मनाई थी दीपावली, गांव पहुंचने से पहले हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शीतल साहू अपने परिवार के साथ रायपुर में दीपावली मनाने के बाद गृहग्राम पसौद लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटा विकास और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा भी सवार थे। परिवार को अपने गांव पहुंचने में महज कुछ मिनट का सफर तय करना बाकी था। पसौद गांव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर था।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक बजे टीला एनीकट के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और एनीकट से नीचे महानदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार किसी भी सदस्य को बचाया नहीं जा सका। हालांकि, कार किस वजह से अनियंत्रित हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

रात 11 बजे हुई थी आखिरी बातचीत, दो बजे तक घर नहीं पहुंचा परिवार

इस हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि शीतल साहू की रात करीब 11 बजे अपने घरवालों से आखिरी बार बातचीत हुई थी। परिजनों को उम्मीद थी कि परिवार कुछ ही देर में घर पहुंच जाएगा। लेकिन जब रात दो बजे के बाद भी शीतल साहू और उनका परिवार घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित होकर उनकी तलाश में निकल पड़े।तलाश के दौरान टीला एनीकट के पास चार पिलर टूटे हुए दिखाई दिए। इसके बाद नदी में कार दिखाई दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई और बचाव एवं राहत की कार्रवाई शुरू की गई।

मृतकों की हुई पहचान, पत्रकार थे शीतल साहू

हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:

शीतल साहू (44 वर्ष) – पत्रकार

भारती साहू – पत्नी

विकास साहू (19 वर्ष) – बेटा

पूर्वा साहू (21 वर्ष) – बेटी

दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। शीतल साहू पत्रकारिता से जुड़े थे। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सामने आते ही उनके गृहग्राम पसौद में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस जांच में जुटी, हादसे की वजह अब भी रहस्य

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कार को नदी से बाहर निकालने और शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर देर रात एनीकट के पास कार चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा? क्या अंधेरा, सड़क की स्थिति या कोई अन्य वजह इस हादसे के पीछे थी? एनीकट के टूटे पिलरों को लेकर भी घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच जरूरी है। फिलहाल हादसे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है।

एक ही झटके में उजड़ गया पूरा परिवार

दीपावली ऐसा त्योहार है, जब लोग अपने परिवार के साथ खुशियां बांटने और अपनों के बीच पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करते हैं। शीतल साहू भी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ त्योहार मनाकर अपने गांव लौट रहे थे। घर से महज तीन किलोमीटर पहले उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया।

जिस घर में परिवार के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां चार अर्थियां उठने की खबर ने सबको झकझोर दिया। दीपों के त्योहार पर एक पूरा परिवार हमेशा के लिए बुझ गया। इस हृदयविदारक हादसे ने न सिर्फ पसौद गांव, बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत को गहरे शोक में डाल दिया है।

 

error: Content is protected !!