मेदिनीनगर में बैंक लूटने पहुंचे बदमाश की फूली सांस… बैंककर्मियों की जांबाजी से लूट की कोशिश नाकाम, भागते समय सड़क पर पिस्टल गिराकर फरार
पलामू।मेदिनीनगर शहर के व्यस्त बाजार इलाके आढ़त रोड में सोमवार को बैंक लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया। झारखण्ड राज्य ग्रामीण बैंक को निशाना बनाने पहुंचे एक हथियारबंद अपराधी ने बैंक के अंदर लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन बैंककर्मियों और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। खुद को घिरता देख अपराधी मौके से भागने लगा। इस दौरान जल्दबाजी में उसका पिस्टल सड़क पर ही गिर गया और वह हथियार छोड़कर फरार हो गया।
दिनदहाड़े बैंक में लूट की कोशिश और सड़क पर पिस्टल मिलने की खबर फैलते ही आढ़त रोड इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। व्यस्त बाजार में इस तरह की वारदात की कोशिश से व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
हथियार दिखाकर बैंक लूटने पहुंचा था अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक अपराधी पिस्टल लेकर झारखण्ड ग्रामीण बैंक पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसने हथियार दिखाकर बैंक में लूटपाट करने की कोशिश की। हालांकि, बैंककर्मियों और सुरक्षा कर्मियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए उसकी कोशिश को नाकाम कर दिया।
अपराधी को जब अपने मंसूबे सफल होते नहीं दिखे तो वह वहां से भागने लगा। इसी दौरान रास्ते में उसका देसी कट्टा गिर गया। वह हथियार उठाने की बजाय मौके से फरार हो गया। बैंककर्मियों की सतर्कता के कारण एक लूट की घटना टल गई।
सड़क पर पिस्टल देख मची अफरा-तफरी
अपराधी के भागने के बाद सड़क पर हथियार मिलने की सूचना तेजी से पूरे बाजार में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुकानदारों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। लोगों का कहना था कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े बैंक को निशाना बनाने की कोशिश सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, अपराधी की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंककर्मियों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सड़क पर गिरे हथियार को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार अपराधी की पहचान करने में जुटी है।
टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रोजगार ने बताया कि एक अपराधी पिस्टल लेकर बैंक लूटने का प्रयास कर रहा था। बैंककर्मियों और सुरक्षा कर्मियों की सूझबूझ के कारण वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने दावा किया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस अपराधी के भागने के रास्ते, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। बैंककर्मियों की तत्परता से जहां लूट की बड़ी वारदात टल गई, वहीं अपराधी के हथियार छोड़कर भागने से पुलिस को जांच के लिए अहम सुराग मिला है।

