#दर्दनाक सड़क हादसा:दशम फॉल पिकनिक मनाने आ रहे 4 लोगों की मौत,कार के परखच्‍चे उड़ गया,खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी..

राँची।आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लाेगों की मौत हो गई है। सभी पिकनिक मनाने दशम फॉल आ रहे थे।बताया जा रहा है कि सभी सरायकेला खरसावां जिले के आदित्‍यपुर के रहने वाले थे। घटना जमशेदपुर के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नीमडीह में दड़ुवा के पास की है। यहां छोटू होटल के करीब एनएच-33 पर आज एक तेज रफ्तार कार ने खड़ी ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। सभी शव गाड़ी में फंस गए थे। घटना पर पहुंची इचागढ़ पुलिस ने कार को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला। घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शी मंजू देवी ने बताया कि सभी लोग दशम फॉल घूमने जा रहे थे।

मृतक आदित्यपुर के मांझी टोला के रहने वाले हैं। मृतकों में ममता, मधु, अमन और अवध किशोर हैं। आदित्यपुर के मांझी टोला के रहने वाले प्रभात टाटा स्टील में मैनेजर हैं। प्रभात कुमार ने बताया कि मृतक अवध किशोर उनके ममेरे साले हैं। सभी लोगों ने दशम फॉल में पिकनिक जाने की योजना बनाई थी। इसके बाद यह लोग दो कार से दशम फॉल जाने के लिए निकले थे।

वहीं प्रभात कुमार की कार पीछे थी। उसके आगे अवध कुमार की कार चल रही थी। गाड़ी अमन चला रहा था। छोटू होटल के पास एक ट्रक खड़ी थी। इसी में कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना में एक बच्चा घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

अपडेट 2:दशम फॉल घूमते हुए बनारस जाना था

बताया गया कि प्रभात कुमार अपने साला अभय कुमार की कार और एक अन्य कार से बीएचयू में अपनी पुत्री प्रियम सिंह का मेडिकल में नामांकन कराने के लिए घर से निकले थे। इसी बीच उनकी कार ईचागढ़ के पास छोटू होटल के समीप खड़ी ट्रक से टकरा गई। यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें बैठे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चिकित्सक बनने का सपना संजोने वाली प्रियम सिंह भी शामिल है।प्रभात कुमार, मृतक अभय कुमार के पिता डीके सिंह, मां मंजू रानी, पत्नी कविता सिंह और पांच साल की बेटी टुकी दूसरी कार में सवार थे। हादसे के बाद उनकी कार भी पीछे से टकरा गई। सभी घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार, शवों का पोस्टमार्टम सरायकेला सदर अस्पताल में कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उधर, इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। सुनते ही लोग हाल जानने के लिए घर के बाहर जमा होने लगे। मोहल्ले के लोगों की आंखें नम दिखीं।