Jharkhand:संपत्ति विवाद में साढ़े तीन साल के बच्चे की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

पलामू।जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह गांव में सम्पत्ति विवाद में जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया। साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की उसके ही चेचेर चाचा ने हत्या कर दी। घटना मंगलवार की है।आरोपी ने बच्चे को दिन भर अपने साथ घुमाया और शाम को अपने बनियान से गला घोंट उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पत्तों से छुपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने संपत्ति विवाद में बच्चे की हत्या की है। बुधवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पोस्टमाॅर्टम के बाद बच्चे का शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

वहीं आज एसपी संजीव कुमार ने बताया कि,बाई-पास रोड के सम्पति मामले में मुआवजे को लेकर बच्चे के चचेरे चाचा दीपक कुमार ने गंजी से गला दबाकर की थी हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

बताया गया है कि मृतक बच्चे की पहचान संतोष चंद्रवंशी के छोटे बेटे के रूप में की गई। आरोपी दीपक चंद्रवंशी भी उसी गांव का रहने वाला है। चार दिन पूर्व घर का बंटवारा हुआ था। उस वक्त दीपक ने किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं जताई थी।

मंगलवार की दोपहर 11 बजे के करीब दीपक भतीजे को अपने साथ ले गया। उसे समोसा खिलाया, हैंडपंप पर पानी भी पिलाया। फिर उसकी हत्या अपने बनियान से गला घोंटकर कर दी। जब काफी देर तक बच्चा घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने उसे ढूंढ़ना शुरू किया। इस बीच परिजनों को पता चला कि बच्चे को दीपक के साथ देखा गया था। जब दीपक से बच्चे के बारे में पूछा गया तो उसने सही जानकारी नहीं दी।

फिर ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।इधर जब काफी देर तक पुलिस भी बच्चे को नहीं ढूंढ़ पाई तब ग्रामीण आक्रोशित हो गए। रजवाडीह में मेदिनीनगर-पांकी मेन रोड को रात सात बजे जाम कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने दीपक से कड़ाई से पूछताछ की तब मामले का खुलासा हुआ।

दीपक ने बच्चे की हत्या की बात कबूली। बच्चे का शव घर से चंद कदम की दूरी पर स्थित रजवाडीह प्राथमिक विद्यालय के पीछे झाड़ी में मिला। दीपक ने बच्चे के शव को पत्तों से ढंक दिया था। इधर, बच्चे की हत्या से पूरे गांव में आक्रोश है। किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। इसलिए रात भर पुलिस बल गांव में कैंप किए हुई थी।