झारखण्ड:कुआँ निर्माण के दौरान हादसा,मिट्‌टी के नीचे दबने से दो महिला मजदूर जख्मी


​​​​​लातेहार।मनिका थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में मनरेगा के तहत निर्माणाधीन 20 फीट गहरे कुएं के किनारे की मिट्‌टी के धंसने से नीचे काम कर रही दो महिला मजदूर जख्मी हो गईं। हादसा बुधवार को हुआ। कुएं के अंदर 11 मजदूर काम कर रहे थे और मिट्‌टी बाहर निकालने के दौरान यह घटना हुई। घटना की सूचना पर बीडीओ मनोज कुमार तिवारी, थाना प्रभारी नीतीश कुमार एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पहुंचे और घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया।

जख्मी महिला मजदूरों में शर्मिला कुमारी (19) और सविता देवी (28) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुएं के निर्माण में कुल 11 मजदूर कार्य कर रहे थे। इसमें पांच पुरुष व छह महिला मजदूर शामिल थे। घायल सविता देवी ने बताया कि पुरुष मजदूर नीचे काम कर रहे थे और हम लोग मिट्टी को ले कर ऊपर ले जा रहे थे। इसी दौरान मिट्टी भरभरा कर एक तरफ से नीचे गिर गई और मैं व शर्मिला उसमें दब गईं। सभी मजदूरों के सहयोग से घायल दोनों को बाहर निकाला गया। शर्मिला की स्थिति गंभीर है, उसे रिम्स रेफर किया गया है।