Jharkhand:दुमका में हैवानियत की हदें पार कर दी,पति के सामने 17 लोगों ने 5 बच्चे की माँ से गैंगरेप मामले में,राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले में संज्ञान लेते हुए डीजीपी को पत्र लिखा है।

दुमका।झारखण्ड की उप राजधानी दुमका में ऐसी घटना को अंजाम दिया है कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा हो गया।जहां वहशी दरिंदों ने 6 सितंबर, 2017 की घटना की पुनरावृत्ति कर एक आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उपराजधानी को शर्मसार कर डाला। पिछली घटना की तरह इस बार भी 17 दरिंदों ने मंगलवार की रात हटिया(बाजार) से पति के साथ लौट रही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव की 35 वर्षीय महिला को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बुधवार को पीड़िता पांच बच्चों की मां पति के साथ थाना पहुंची और मामला दर्ज कराया।इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआइजी सुदर्शन कुमार मंडल और एसपी अंबर लकड़ा थाना पहुंचे और महिला से पूछताछ की। पुलिस ने महिला के बयान पर राम मोहली समेत 17 अज्ञात पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। महिला की मेडिकल कालेज में जांच कराई गई।

घटना के सम्बंध में काठीकुंड के कन्हाईडीह गांव निवासी महिला के पति ने बताया कि गांव में हर मंगलवार को हटिया लगता है। वह पत्नी के साथ करीब रात आठ बजे हटिया से घर लौट रहा था। रास्ते में नशे में घुत करीब 17, 18 लड़के खड़े थे। पांच लड़कों ने उसे और दो ने पत्नी को पकड़ लिया। बाकी लड़के पत्नी को उठाकर झाड़ियों की ओर ले गए। जहां सभी लड़कों ने पत्नी के साथ गलत काम किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी किसी को बताने पर जान मारने की धमकी देकर चले गए। दुष्कर्म करने वालों में शामिल राम मोहली को पत्नी पहचानती थी। जबकि बाकी को नहीं पहचानती है। रात को अंधेरा होने की वजह से थाना नहीं आ सका। दोपहर को थाना में आकर घटना की जानकारी दी। सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने आने के बाद डीआइजी और एसपी मुफस्सिल थाना पहुंचे और महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। महिला के बयान पर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस की एक टीम राम मोहली की तलाश में गई।वही जानकारी मिली है कि देर रात एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया जिससे पूछताछ जारी है।वहीं एसपी ने बताया कि सभी आरोपी की पहचान की जा रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

धान झाड़ने के लिए आई थी मायके

महिला के पति ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। इन दिनों खेत में धान झाड़ने का काम चल रहा है। एक माह पहले काम में हाथ बंटाने के लिए पत्नी के साथ उसके घर आया था। मंगलवार की शाम पत्नी के कहने पर ही हटिया गया था। लौटते समय पत्नी के साथ इस तरह का गलत काम हो गया।

“महिला के बयान पर 17 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। हटिया से घर लौटने के क्रम में घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की सत्यता का पता करने के लिए पुलिस अनुसंधान कर रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। सभी आरोपी मोहली जाति के हैं और आसपास टोला के रहने वाले हैं”–सुदर्शन कुमार मंडल, डीआइजी दुमका

राष्ट्रीय महिला ने लिया संज्ञान

झारखण्ड की उपराजधानी दुमका जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई महिला से गैंग रेप के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है.और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है।राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने गैंगरेप के इस मामले में संज्ञान लेते हुए डीजीपी को पत्र लिखा है. मामले की दो महीने में गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।साथ ही पूरे मामले में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तलब की गई है।