Jharkhand:मानसिक रूप से कमजोर एक विधवा महिला के साथ एक पुलिस जवान ने दुष्कर्म किया,इसके बाद महिला गर्भवती हो गई,थाना में मामला दर्ज..

पलामू।झारखण्ड के पलामू से एक बड़ी ही शर्मनाक घटना सामने आई है।जिला के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दारूडीह गांव में मानसिक रूप से कमजोर एक विधवा महिला के साथ जिला पुलिस बल के एक जवान ने दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला गर्भवती हो गई। महिला ने जवान पर दुष्कर्म कर गर्भवती करने का मामला लेस्लीगंज थाना में दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार महिला ने पलामू जिला के ही चैनपुर थाना क्षेत्र के महुगांवा गांव निवासी पुलिस जवान सत्यवंत राम को आरोपित बनाया है। आरोपित पुलिस जवान का ससुराल पीड़ित महिला के घर के बगल में है।

पीड़िता की गोतनी सुनीता देवी ने बताया कि सत्यवंत नामक पुलिस ने दुष्कर्म कर उसकी विधवा गोतनी को गर्भवती कर दिया। गोतनी में शारीरिक बदलाव देखकर परिवार वालों ने पूछताछ शुरू की तो पूरा मामला उजागर हुआ। बताया जाता है कि पुलिस जवान धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। इसके बाद धमकी देकर जाता था कि यह बात किसी को नहीं बताए। बात खुली तो इस मामले में पंचायत बैठी।

इसमें आरोपित ने कहा था कि पेट वाला बच्चा जब बड़ा हो जाएगा तो वह उसका भरण-पोषण करेगा। बाद में आरोपित इस बात से मुकर गया। सुनीता देवी ने कहा कि इसके बाद उन्‍होंने न्याय के लिए लेस्लीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मालूम हो कि पीड़िता चार बच्चों की मां है। उनके पति का निधन तीन वर्ष पूर्व हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से कमजोर हो गई थी।

इसके बावजूद वह काम करके अपने छोटे-छोटे बच्चों का पेट पालती है। यह कुकृत्य प्रकाश में आने के बाद पीड़िता के परिवार व गांव वालों की सहानुभूति पीड़िता के साथ है। शनिवार को लेस्लीगंज थाना पहुंची पीड़िता व उसकी गोतनी सुनीता देवी ने थाना प्रभारी व लेस्लीगंज पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी वीरेन मिंज ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। प्राथमिकी के आलोक में आरोपित जवान की गिरफ्तारी नहीं हुई है।