राँची में घरेलू विवाद का खौफनाक अंजाम:पत्नी को बचाने आई सास भी बनी निशाना, लोहे की रॉड से मारकर पत्नी और सास की हत्या,इलाके में सनसनी

 

राँची। राजधानी राँची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुराना चतरा में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच शुरू हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची सास को भी अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोप है कि सनकी दामाद ने लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी 24 वर्षीय पत्नी ममता देवी और 48 वर्षीय सास सोनिया देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रिम्स में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृतकों की पहचान सोनिया देवी (48 वर्ष), पति नुकुल महली और उनकी बेटी ममता देवी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने का आरोप ममता के पति सावन बिरहोर, पिता सिदेश्वर बिरहोर पर है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब नौ बजे सावन बिरहोर और उसकी पत्नी ममता देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान ममता की मां सोनिया देवी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। बताया जाता है कि सास के हस्तक्षेप के बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर सावन ने लोहे की रॉड उठा ली और पत्नी ममता तथा सास सोनिया देवी पर हमला कर दिया। रॉड से किए गए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सावन बिरहोर मौके से फरार हो गया। घर में दोनों महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर सोनिया देवी का बेटा वहां पहुंचा। उसने दोनों को गंभीर हालत में देखा तो आनन-फानन में स्थानीय स्वर्णरेखा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

परिजनों की उम्मीदों के बीच दोनों महिलाओं की हालत में सुधार नहीं हुआ। रिम्स में इलाज के दौरान पहले एक और फिर दूसरी महिला ने दम तोड़ दिया। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ समय पहले तक परिवार के लोग साथ रहते थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

दोनों महिलाओं की मौत के बाद रविवार को पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टाटीसिलवे थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से कई नमूने और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी सावन बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद बताई जा रही है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

error: Content is protected !!