JPSC धांधली की जांच में बड़ा एक्शन: 7 मास्टर एजेंट CID के रडार पर, ठिकानों पर छापेमारी तेज

राँची। झारखण्ड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित धांधली और फर्जीवाड़े की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, जांच एजेंसियों के सामने नेटवर्क की नई कड़ियां खुलती जा रही हैं। CID की प्राथमिकी संख्या 16/2026 में अब तक 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूछताछ, बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच का फोकस अब सात ऐसे कथित बिचौलियों और कोचिंग संचालकों पर है, जिनकी भूमिका अभ्यर्थियों और परीक्षा से जुड़े सिंडिकेट के बीच संपर्क सूत्र के तौर पर सामने आई है।
CID ने इन सात वांछित आरोपियों के खिलाफ राँची की विशेष अदालत से गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट हासिल किया है। इसके बाद विशेष टीमों ने अलग-अलग जिलों में संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
सात नाम, जिनकी तलाश तेज
जांच एजेंसी के रडार पर जिन आरोपियों के नाम बताए गए हैं, उनमें—
आदित्य पांडेय — पेप्सी ग्राउंड, नामकुम, राँची
पवन कुमार सिंह — हरिनगर, टाटीसिलवे, राँची
रवि शंकर कुमार — टाउन थाना क्षेत्र, पलामू
संतोष कुमार सिंह — हमीदगंज, टाउन थाना क्षेत्र, पलामू
सानंद प्रकाश — सेक्टर-3, बोकारो स्टील सिटी
लालू कुमार यादव — कोर्रा, सदर थाना क्षेत्र, हजारीबाग
सौरभ कुमार पांडेय — हथगर, बेंगाबाद, गिरिडीह
अभ्यर्थियों से लेकर परीक्षा एजेंसी तक कनेक्शन की जांच
CID के अनुसंधान के मुताबिक, आरोपियों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले संस्थानों और बिचौलियों के नेटवर्क के जरिए अभ्यर्थियों से संपर्क करने तथा कथित तौर पर पैसे लेकर परीक्षा में ‘सेटिंग’ कराने का आरोप है।
जांच में परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मेसर्स TSR Data Processing Private Limited के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी और उनके कथित सिंडिकेट से भी कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।
अब पैसों के नेटवर्क पर नजर
21 गिरफ्तारियों के बाद CID की जांच अब केवल अभ्यर्थियों और स्थानीय स्तर के बिचौलियों तक सीमित नहीं दिख रही है। जांच एजेंसी की नजर कथित तौर पर पैसे के लेन-देन, अभ्यर्थियों से संपर्क, बिचौलियों की भूमिका और बैकडोर एंट्री के पूरे नेटवर्क पर है।सातों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में शामिल अधिकारियों को इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल CID की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

