चतरा:देह-व्यापार की सूचना पर पुलिस ने रेस्ट हाउस में की छापेमारी, 5 युवतियों समेत 10 हिरासत में, मचा हड़कंप

 

चतरा। चतरा शहर में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सर्किट हाउस के सामने स्थित चांदनी रेस्ट हाउस में पुलिस ने अचानक छापेमारी कर पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सभी हिरासत में लिए गए लोगों को पूछताछ के लिए सदर थाना लाया गया है।

बताया गया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना में रेस्ट हाउस में कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई थी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को चांदनी रेस्ट हाउस में दबिश दी।

पुलिस टीम के अचानक रेस्ट हाउस पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने रेस्ट हाउस के अलग-अलग हिस्सों की जांच की और मौके पर मौजूद युवक-युवतियों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पांच युवतियों और चार युवकों के अलावा रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के मौके से फरार होने की भी सूचना है। हालांकि, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रेस्ट हाउस से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की जांच के जरिए रेस्ट हाउस में आने-जाने वाले लोगों तथा वहां संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाएगी।

एसडीपीओ ने कहा- जिस्मफरोशी के धंधे पर होगी सख्त कार्रवाई

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को पकड़कर सदर थाना लाया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जिस्मफरोशी जैसे धंधे में संलिप्त होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रेस्ट हाउस में उनकी मौजूदगी किस उद्देश्य से थी और क्या वहां किसी तरह की संगठित अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी।स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस कार्रवाई को कथित सेक्स रैकेट से जोड़कर चर्चा हो रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि यदि जांच में अनैतिक या गैरकानूनी गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!