चतरा: घर के बाहर खड़ी बोलेरो को अपराधियों ने फूंका, गांव में दहशत…जांच में जुटी है पुलिस..

 

चतरा।झारखण्ड के जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मरगड्डा पंचायत के गेन्दरा गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी,जिससे वाहन देखते ही देखते धू-धू कर जल उठा और पूरी तरह राख में तब्दील हो गया।

जानकारी के अनुसार, गेन्दरा गांव निवासी सफेन्द्र गंझु की बोलेरो (जेएच 01 एफएम 9473) रोज की तरह उनके घर के पास खड़ी थी। इसी बीच देर रात अपाची मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने वाहन में आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

रात के सन्नाटे में उठती आग की लपटों को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इधर सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर चुकी है।

error: Content is protected !!