PLFI उग्रवादी की चाल हुई नाकाम:जंगल में हथियार बरामदगी के बीच मची अफरा-तफरी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ उग्रवादी
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के कर्रा-जरियागढ़ बॉर्डर क्षेत्र में तिलमी जंगल में रविवार सुबह पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादी के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, फायरिंग, वाहनों में आगजनी और ठेकेदारों से लेवी वसूली जैसी कई घटनाओं में शामिल पीएलएफआई उग्रवादी श्रवण दास को खूंटी पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया था।
पुलिस पूछताछ में श्रवण दास ने जरियागढ़ इलाके के जंगलों में बड़ी मात्रा में हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी थी। इसी सूचना के आधार पर रविवार सुबह पुलिस की एक विशेष टीम उसे साथ लेकर हथियार बरामद करने के लिए जंगल क्षेत्र में पहुंची थी।
इसी दौरान श्रवण दास ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और जंगल की ओर भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी शुरू कर दी। खुद पर हमला होता देख पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली श्रवण दास के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही जिले के एसपी ऋषभ झा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने मौके से तीन हथियार भी बरामद किए हैं। बरामद हथियारों और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

