राँची के तमाड़ में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल
राँची।जिले तमाड़ थाना क्षेत्र में राँची-टाटा मुख्य मार्ग पर प्रभानगर स्थित मामा होटल के समीप शनिवार रात करीब आठ बजे बाइक, टेम्पो और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खखसीडीह गांव के कुछ लोग एक भोज कार्यक्रम में शामिल होकर टेम्पो (जेएच 01 सीजे 1787) से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रभानगर के पास टेम्पो की टक्कर पंडरानी निवासी गोपेश्वर कुम्हार उर्फ फुचू कुम्हार (52) और उनके पुत्र राजू कुम्हार (26) की बाइक (जेएच 01 एफसी 1517) से हो गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद टेम्पो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक कार से जा भिड़ी और पलट गई। हादसे में बाइक चालक गोपेश्वर कुम्हार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र राजू कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल राजू कुम्हार को तत्काल बुंडू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर कर दिया गया।
टेम्पो पलटने से उसमें सवार कई यात्री भी घायल हो गए। घायलों में मंजीत कुमार यादव, गौरव यादव, कार्तिक अहीर, गणेश अहीर, मनीष अहीर, मोहित अहीर, दुर्गा सिंह सरदार, कमली देवी और निशा मुंडा शामिल हैं। सभी घायल खखसीडीह गांव के निवासी बताए गए हैं।इनमें गणेश यादव, कार्तिक अहीर, गौरव यादव और मंजीत कुमार यादव की हालत गंभीर होने के कारण तमाड़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, राँची रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को रविवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार राँची-टाटा मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

