Ranchi:वर्क फ्रॉम होम और ‘कपड़ा ब्रांड टास्क’ के नाम पर 8 लाख की साइबर ठगी, अरगोड़ा की महिला बनी शिकार-
-टेलीग्राम लिंक भेजकर पहले जीता भरोसा, फिर अलग-अलग यूपीआई और बैंक खातों में डलवाए लाखों रुपये
राँची।राजधानी राँची में ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर बैठे काम) और ऑनलाइन टास्क के नाम पर साइबर अपराधियों ने ठगी का एक और बड़ा जाल बुझाया है। इस बार अपराधियों ने अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी की रहने वाली एक महिला को अपना शिकार बनाते हुए उनसे कुल 8,00,000/- रुपये की मोटी रकम ठग ली। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित परिवार की ओर से रांची के साइबर अपराध थाने को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कैसे शुरू हुआ ठगी का खेल
साइबर थाने को दिए गए आवेदन के अनुसार, अपराधियों ने पीड़िता से संपर्क कर पूछा कि वह क्या करती हैं। जब पीड़िता ने बताया कि वह हाउसवाइफ (गृहणी) हैं, तो उन्हें घर बैठे जॉब करने का ऑफर दिया गया। ठगों ने कहा कि एक नामी कपड़े की ब्रांड के लिए ऑनलाइन काम करना होगा। इसके बदले 7,000 रुपये प्रति सप्ताह सैलरी और अलग से टास्क (वर्क) पूरा करने पर 2,500 से 3,000 रुपये रोज मिलेंगे। पीड़िता को भरोसा जीतने के लिए एक लिंक (https//revolve फैशन स्टार) भेजा गया। वहां कपड़े के ब्रांड पर टच करके ‘सबमिट’ करना था। पहले दिन 25 टास्क पूरे करने पर अपराधियों ने पीड़िता के खाते में 700 रुपये भेजे, जिससे पीड़िता का भरोसा उनपर जम गया।
10 हजार के बदले एक्स्ट्रा मुनाफे का लालच, फिर शुरू हुआ वसूली का सिलसिला
एक बार भरोसा जीतने के बाद साइबर अपराधियों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू किया। ठगों ने कहा कि अगर वे 10,000 रुपये जमा करेंगी, तो उन्हें 1,000 रुपये और ‘नाइट बोनस’ मिलेगा। इसके बाद एक्स्ट्रा प्रॉफिट और जमा पैसे निकालने (विथड्रॉ) के नाम पर अपराधियों ने डरा-धमकाकर अलग-अलग तारीखों में कुल 8 लाख रुपये डलवा लिए। सबसे पहले मेरज अहमद नामक व्यक्ति के यूपीआई पर 10,000 रुपये भेजे गए। इसके बाद BEAWARFILING-STATE और श्री गोपाल यूपीआई के खातों में क्रमशः 10,000 और 20,000 रुपये ट्रांसफर कराए गए। मार्च और अप्रैल के महीने में ठगों ने जालसाजी कर कभी 90,000 रुपये (दो बार), कभी 70,810 रुपये, तो कभी IMPS के जरिए अजीजुल (AZIZUL) और मुतल्लिब खान (MUTALLIBKHAN) जैसे खातों में 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा MAJJCONSTERUTPION, गुलशन बुनकर (GULSHAN BUNKAR), श्री गोपाल सिंह, यस बैंक (YES BANK) और केनरा बैंक के विभिन्न खातों में भी हजारों रुपये मंगवाए गए।

