Ranchi:हॉस्टल में नशा करने और शोर मचाने से रोका, तो छात्र पर रॉड और धारदार हथियार से जानलेवा हमला, सिर फटा

–गिरिडीह के रहने वाले 5 युवकों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज; छत पर विरोध करने गए छात्र को बेरहमी से पीटा

राँची।राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र से छात्रों के बीच हिंसक झड़प और जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लैंडमार्क रोड स्थित ‘ओम साईं बॉयज हॉस्टल’ में रहकर पढ़ाई करने वाले एक छात्र को हॉस्टल की छत पर नशा करने और शोर मचाने से मना करना बेहद महंगा पड़ गया। नशा कर रहे युवकों ने छात्र पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर उसका सिर फाड़ दिया। इस संबंध में पीड़ित छात्र अभिषेक कुमार ने लालपुर थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरी घटना

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मूल रूप से गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के रहने वाले जय प्रकाश राम का 24 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार फिलहाल राँची के लालपुर स्थित ‘ओम साईं बॉयज हॉस्टल’ में रहकर पढ़ाई करता है। घटना 18 जून की शाम करीब 7:00 से 8:00 बजे के बीच की है। अभिषेक ने बताया कि हॉस्टल में रहने वाले कुछ लड़के छत पर बैठकर किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे और काफी तेज आवाज में हुड़दंग व शोरशराबा कर रहे थे। पढ़ाई में खलल पड़ने के कारण अभिषेक जब मामले को देखने और उन्हें शांत कराने के लिए छत पर गया, तो नशा कर रहे युवक आगबबूला हो गए।

रॉड और धारदार हथियार से हमला, लहू-लुहान हुआ छात्र

विवाद इतना बढ़ा कि नशा कर रहे युवकों ने एकजुट होकर अभिषेक पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपियों ने पास में रखी लोहे की रॉड और धारदार हथियार से अभिषेक के सिर पर दे मारा। इस हमले में अभिषेक का सिर फट गया और वह लहू-लुहान होकर वहीं गिर गया। शोर सुनकर हॉस्टल के अन्य लोग दौड़े, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। घायल छात्र का इलाज कराया गया है।

गिरिडीह के ही रहने वाले हैं सभी 5 नामजद आरोपी

पीड़ित छात्र अभिषेक कुमार ने लालपुर थाना प्रभारी को दिए आवेदन में गिरिडीह के बनियाडीह इलाके के रहने वाले पांच लड़कों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें पियूष यादव (पिता – सूरज प्रसाद, निवासी – बनियाडीह, गिरिडीह), पंकज सिंह (निवासी – बनियाडीह, गिरिडीह), निखिल सिंह (निवासी – बनियाडीह, गिरिडीह), सुनील सिंह (निवासी – बनियाडीह, गिरिडीह) और राजा सिंह (निवासी – बनियाडीह, गिरिडीह)) शामिल है।

error: Content is protected !!