Ranchi:बाइक चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, बिहार में बेचते थे चोरी की गाड़ियां; तीन गिरफ्तार, सात बाइक बरामद
राँची।जिले के ओरमांझी थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह राँची , रामगढ़ और बोकारो से बाइक चोरी कर इंजन-चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर फर्जी कागजात के सहारे बिहार में बेचता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें, मास्टर की समेत कई उपकरण बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 19 जून की रात सिकिदिरी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक लेकर तेज गति से ओरमांझी की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस ने गुडू मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध बाइक वहां पहुंची। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक भागने लगे, लेकिन सिकिदिरी थाना पुलिस की मदद से उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान बिहार के नालंदा निवासी सिंदु कुमार (19) और बोकारो निवासी अनिकेत कुमार उर्फ भोला (20) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान अनिकेत के बैग से मास्टर की, प्लग रिंच, पेचकस और एक खुला नंबर प्लेट बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे राँची, रामगढ़ और बोकारो से बाइक चोरी कर उन्हें बिहार के गया जिले में बेचते थे। चोरी की बाइक के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताए। इसके बाद पुलिस ने बिहार के गया जिले में छापेमारी कर विकास कुमार को गिरफ्तार किया और उसके ठिकाने से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं रामगढ़ के पास झाड़ियों से एक अन्य चोरी की बाइक बरामद की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें यामाहा, हीरो स्प्लेंडर, टीवीएस अपाचे, होंडा शाइन और यामाहा एफजेडएस जैसी बाइकें शामिल हैं। इसके अलावा मास्टर की, प्लग रिंच, पेचकस और फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए गए हैं।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिंदु कुमार और अनिकेत कुमार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार विकास कुमार पर हत्या जैसे गंभीर मामले में भी केस दर्ज है।एसपी ने कहा कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह है, जिसके तार झारखण्ड और बिहार से जुड़े हुए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

