गोड्डा:गवाही से खफा अपराधियों ने मुखिया को बनाया निशाना, एसआईटी ने 3 शातिर अपराधियों को दबोचा
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार भगत उर्फ लड्डू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना के महज कुछ ही दिनों के भीतर गठित एसआईटी ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, बोलेरो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
शनिवार को मुफस्सिल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जे.पी.एन. चौधरी ने बताया कि 18 जून 2026 को मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के समीप मुखिया अनुपम भगत पर जानलेवा हमला किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुखिया अनुपम भगत वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर हमला कराया। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि गवाही रोकने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई थी।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए द्रोपद राजापुर निवासी अंकित यादव, नयन कुमार यादव तथा तेतरिया टिकर निवासी अमरकांत गिरी उर्फ कारु को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा, एक कारतूस, एक बोलेरो वाहन तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
गिरफ्तार अंकित यादव और नयन यादव पर हत्या, हत्या की साजिश, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले समेत कुल 9 संगीन मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ पोड़ैयाहाट थाना में कई चर्चित कांड दर्ज हैं। इसके अलावा अंकित यादव पर सरैयाहाट थाना में लूट और नयन यादव पर बौंसी थाना में आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों भाइयों का आपराधिक इतिहास वर्ष 2021 से लगातार रहा है और वे क्षेत्र में कई संगीन घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।
मुखिया अनुपम भगत के लिखित आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।मुखिया पर हमले के बाद दहशत के कारण पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार का माहौल प्रभावित हो गया था। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कानून-व्यवस्था पर भरोसा जताया है।

