पटना में हैवानियत: तिलक के बहाने बुलाई गईं झारखण्ड की दो डांसर बहनों से रातभर सामूहिक दुष्कर्म–
–बंधक बनाकर अलग-अलग ठिकानों पर किया टॉर्चर, विरोध करने पर बेरहमी से पीटा;सुबह गाड़ी में शोर मचाने पर फुलवारीशरीफ में बची जान
पटना/राँची।बिहार के पटना जिले के नौबतपुर में दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घर की माली हालत खराब होने के कारण डांसर के रूप में काम करने वाली इन दोनों बहनों को एक तिलक समारोह के बहाने बुलाया गया था, जहां 10 से ज्यादा दरिंदों ने रातभर उनके साथ दरिंदगी की। दोनों बहनें मूल रूप से झारखण्ड के लातेहार जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में पटना के मीठापुर इलाके में किराए पर रह रही थीं।
8 हजार में बुकिंग और रास्ते से अपहरण
पीड़िता के अनुसार,घटना की शुरुआत 18 जून को हुई। आरोपी मुन्ना कुमार (निवासी भेलुरा रामपुर) ने एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम के लिए दोनों बहनों को आठ हजार में बुक किया था। तय समय पर मुन्ना कुमार दोनों बहनों को मीठापुर से अपनी स्कूटी पर बैठाकर रवाना हुआ। लेकिन वह उन्हें कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय सीधे एक सुनसान ठिकाने पर ले गया। वहां पहले से ही उसका चचेरा भाई सूरज, भानु कुमार और अन्य युवक मौजूद थे।
बंधक बनाकर रातभर किया सामूहिक दुष्कर्म
आरोप है कि इन सभी युवकों ने दोनों बहनों को गन-पॉइंट पर बंधक बना लिया। इसके बाद वे उन्हें अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले गए, जहां रातभर बारी-बारी से उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। जब युवतियों ने वहां से भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
चलती गाड़ी में मची चीख-पुकार, ऐसे बची जान
अगली सुबह यानी 19 जून को आरोपी दोनों बहनों को एक गाड़ी में डालकर वापस छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वाहन फुलवारीशरीफ इलाके में पहुंचा, दोनों बहनों ने हिम्मत दिखाई और चलती गाड़ी में ज़ोर-ज़ोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत डायल-११२ पर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवतियों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पीड़िता का दर्द: “अब किसी इंसान पर भरोसा नहीं कर पाएंगे”
मेडिकल जांच के दौरान बिलखती हुई पीड़िता ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि हमारे घर की स्थिति बहुत खराब है, जिसके कारण हम शादियों और समारोहों में नाच-गाकर अपने परिवार का पेट पालती हैं। इस भयानक घटना के बाद हम इस कदर डर गए हैं कि अब जिंदगी में कभी किसी इंसान पर विश्वास नहीं कर पाएंगे।
पुलिसिया कार्रवाई: FSL की जांच और विशेष टीम का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए फुलवारीशरीफ के SDPO-2 दीपक कुमार ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराया है।
नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के आवेदन के आधार पर मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल दोनों पीड़िताओं को मेडिकल टेस्ट और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।

