धनबाद: कोलियरी क्षेत्र की सुनसान सड़क पर मिला अज्ञात युवक का शव, चेहरे पर चोट के निशान,जांच में जुटी पुलिस
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल एएमपी कोलियरी स्थित बरोरा-चिटाही पीसीसी सड़क पर शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना बरोरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी साधन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई संदिग्ध तथ्य सामने आए हैं। मृतक के शरीर पर पूरे कपड़े नहीं थे, जबकि चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जिस स्थान पर शव मिला है, वह कोलियरी क्षेत्र का बेहद सुनसान हिस्सा माना जाता है। यह सड़क डुमरा-फुलारीटांड़ मुख्य मार्ग को बरोरा चेकपोस्ट, चिटाही होते हुए महेशपुर-सिनीडीह फोरलेन सड़क से जोड़ती है। सड़क के बीच स्थित कोलियरी क्षेत्र में आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहती है, जिससे घटना और भी रहस्यमय बन गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर युवक की मौत कैसे हुई? क्या उसकी कहीं और हत्या कर शव यहां फेंका गया, या फिर घटना इसी इलाके में हुई? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

