चतरा में पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ के बाद 6 बंधक ग्रामीण मुक्त, उग्रवादी संगठन MCC बनकर फिरौती मांगने वाले 5 अपराधी गिरफ्तार
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने साहसिक कार्रवाई करते हुए अपहरणकर्ताओं के चंगुल से 6 ग्रामीणों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। खुद को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन MCC का सदस्य बताकर ग्रामीणों का अपहरण करने और 1 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले 6 अपराधियों में से 5 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून की देर रात करीब 10:30 बजे हथियारबंद अपराधियों ने तेलियाडीह और गोवदा गांव के 6 ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद अपराधी परिजनों को फोन कर खुद को MCC का सदस्य बताते हुए 1 लाख रुपए की फिरौती की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही चतरा पुलिस हरकत में आई। एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह और सशस्त्र बल के जवानों के साथ पुलिस टीम ने हड़गड़ी जंगल में देर रात सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस के जंगल में पहुंचते ही अपराधियों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। बढ़ते दबाव के बीच अपराधी अपहृत ग्रामीणों को छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने मौके से सभी 6 ग्रामीणों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ताबड़तोड़ अभियान चलाया और घटना में शामिल 6 में से 5 अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में टंडवा निवासी रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू समेत अन्य शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 देसी भराठी बंदूकें, पिस्टल जैसा दिखने वाला एक लाइटर, एक बड़ी गुप्ती (चाकू) तथा पीड़ितों से लूटे गए 3 ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा फरारी के दौरान छूटा एक रियलमी मोबाइल भी जब्त किया गया है।
सिमरिया थाना में मामला दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।मुठभेड़, अपहरण और फिरौती के इस सनसनीखेज मामले में चतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 6 ग्रामीणों की जान बच गई और अपराधियों की साजिश नाकाम हो गई है।

