अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर झारखण्ड जगुवार मुख्यालय में गूंजा फिटनेस का मंत्र

 

राँची।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर झारखण्ड जगुवार मुख्यालय में शनिवार को विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ाता है।

कार्यक्रम में बताया गया कि योग मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा सहित कई जीवनशैली संबंधी बीमारियों के नियंत्रण में सहायक है। इसी उद्देश्य से झारखंड जगुवार में कार्यरत पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस बल की कार्यप्रणाली चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है। ऐसे में योग शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संस्थान में समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता और योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि कर्मियों की कार्यक्षमता, अनुशासन और मनोबल को सुदृढ़ किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ, सक्रिय एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। अंत में आयोजकों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाती है।

कार्यक्रम में झारखण्ड जगुवार के पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे, पुलिस उप-महानिरीक्षक इन्द्रजीत महथा सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!