आधी रात का कहर: कोयले से लदा ट्रक पलटा, खलासी की मौत, कई घर-दुकानें तबाह

 

बोकारो।शुक्रवार की रात बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के बाजार टांड के पास उत्तर प्रदेश के बनारस जा रहा कोयला लदा 14 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के नीचे दबकर खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घरों, दुकानों और एक पिकअप वैन को भारी नुकसान पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, खासमहाल से कोयले की स्लैरी लेकर निकला ट्रक देर रात करीब 12 बजे बाजार टांड पहुंचा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलटते हुए सड़क किनारे बनी दुकानों और मकानों में जा घुसा।

हादसे में 28 वर्षीय खलासी अबू सुफेयान की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक गिरजेश कुमार दुबे को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे से निकालकर डीवीसी अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया, जिससे मामले में नया मोड़ आ गया है।

ट्रक के पलटने से स्थानीय निवासी गणेश साहु को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। उनके गैराज के साथ करीब 14 हजार ईंटें क्षतिग्रस्त हो गईं और मकान की 10 फीट ऊंची दीवार ढह गई। कोयला घर के भीतर तक घुस गया। इसके अलावा मोहन महतो की स्टील फर्नीचर दुकान, प्रमोद के घर का बाहरी हिस्सा और प्रदीप की चाय दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क किनारे खड़ी अनुपम साव की पिकअप वैन भी हादसे की चपेट में आकर टूट गई।

दुर्घटना का असर सिर्फ संपत्ति तक सीमित नहीं रहा। ट्रक की टक्कर से डीवीसी के ऐश पौंड को जाने वाली बिजली लाइन के दो पोल और बंच केबल भी टूटकर गिर गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

सूचना मिलते ही बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह समेत कई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और सड़क पर बिखरे कोयले को हटाने का काम रातभर चलता रहा।

एक पल की लापरवाही और तेज रफ्तार ने न सिर्फ एक युवक की जान ले ली, बल्कि कई परिवारों की मेहनत की कमाई को भी मलबे में बदल दिया। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश कर रही है।

error: Content is protected !!