राँची में हड़िया पीने के दौरान हुआ विवाद बना खूनी खेल, चुटिया के ऑटो चालक की धुर्वा में हत्या; दो गिरफ्तार

​राँची राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित शहीद मैदान में हड़िया पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। ऑटो चालक शोभनाथ राय पर आरोपियों ने उस वक्त बेदर्दी से हमला कर दिया, जब वह हड़िया दुकान पर छूटा अपना मोबाइल लेने दोबारा अकेले पहुँचे थे। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है।

​जानकारी के अनुसार, चुटिया थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी (रोड नंबर आठ) निवासी शोभनाथ राय एयरपोर्ट से रिजर्व में ऑटो चलाने का काम करते थे। सोमवार शाम करीब 6:45 बजे उन्होंने अपने बेटे सन्नी कुमार को फोन कर बताया कि शहीद मैदान के पास कुछ लोग उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। पिता का फोन आते ही सन्नी अपने भाई किशन कुमार और दोस्तों प्रियांशु सिंह व लल्लू कुमार के साथ मौके पर पहुँचा। परिजनों ने शहीद मैदान स्थित शांति देवी की हड़िया दुकान के पास पहुँचकर संदीप पासवान, रंजीत और राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा की पहचान की।सभी से काफी विवाद हुआ और मारपीट भी हुई। परिजनों के दखल के बाद मामला शांत हुआ और वे शोभनाथ को लेकर वापस घर लौटने लगे।

​रास्ते में शोभनाथ को अचानक याद आया कि उनका मोबाइल फोन शांति देवी की दुकान पर ही छूट गया है। वह परिजनों को थोड़ा रुकने का कहकर अकेले ही मोबाइल वापस लेने दुकान की ओर चले गए। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें अकेला पाकर फिर से घेर लिया और उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।

​काफी देर तक जब शोभनाथ वापस नहीं लौटे, तो परिजन अनहोनी की आशंका में दोबारा दुकान की तरफ दौड़े। वहाँ शोभनाथ बेसुध और गंभीर रूप से घायल अवस्था में ज़मीन पर पड़े मिले। उनके सिर से लगातार खून बह रहा था। परिजन आनन-फानन में उन्हें गुरुनानक अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​घटना के बाद मृतक के पुत्र सन्नी कुमार के बयान पर धुर्वा थाने में संदीप पासवान, रंजीत और राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। धुर्वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा और दशरथ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हड़िया दुकान चलाने वाली महिला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!