जमुई में छेड़छाड़ कांड पर पुलिस का बड़ा एक्शन…मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली…

 

जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से सरेराह बदसलूकी और छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस कार्रवाई के दौरान हाफ एनकाउंटर हो गया है।पुलिस ने पैर में गोली मारी हैं।वहीं उसके साथी हरेराम यादव के पैर में चोट लगने और पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वहीं, इस मामले में अब चिन्हित सभी सातों आरोपियों की गिरफ्तारी होने खबर भी है।

मुख्य आरोपी नंदन यादव

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस टीम कुंदर बराज के समीप आरोपियों की तलाश में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान नंदन यादव ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नंदन यादव के पैर में गोली लगी।घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड और आसपास सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

वीडियो वायरल होते ही मचा था हड़कंप
दरअसल, जमुई में 19 सितंबर की शाम एक नाबालिग छात्रा और उसके नाबालिग साथी को युवकों के एक समूह ने रास्ते में रोक लिया था। दोनों के साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी की गई। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे बिहार में इस घटना को लेकर आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की और छापेमारी तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार वीडियो के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। मामले में POCSO समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है तथा जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

मुख्य आरोपी नंदन यादव पर पुलिस की कार्रवाई
मंगलवार को पुलिस जब नंदन यादव तक पहुंची तो उसने कथित तौर पर पुलिस की पकड़ से भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान उसने हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

राज्य के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम ने भी बताया है कि गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था और हमले की स्थिति बनने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।

इसी कार्रवाई में आरोपी के साथी हरेराम यादव के पैर में चोट लगने और पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। उसे भी पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि मुठभेड़ के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी पुलिस की ओर से अभी सामने आनी बाकी है।

वीडियो वायरल करने वालों पर भी पुलिस की नजर
इस मामले में पुलिस ने सिर्फ घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ ही कार्रवाई नहीं की है, बल्कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले और वीडियो प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने ऐसे अकाउंट्स की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने या उसका वीडियो प्रसारित करने वालों को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

जांच जारी, बाकी आरोपियों पर भी शिकंजा
जमुई पुलिस की एसआईटी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि वीडियो फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले में शामिल सभी लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल नंदन यादव और हरेराम यादव पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में इलाजरत हैं। मुठभेड़ की पूरी घटना और बरामदगी समेत अन्य बिंदुओं पर पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।

 

error: Content is protected !!