धू-धू कर जलने लगा सीमेंट लदा ट्रक, चालक ने सड़क किनारे खड़ा कर बचाई जान

रामगढ़। बरकाकाना ओपी क्षेत्र के लोको चौक के पास सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चलते सीमेंट लदे 10 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। ट्रक के पिछले चक्के के पास से धुआं निकलता देख चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद वह सुरक्षित बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि ट्रक संख्या JH10 DJV0426 रामगढ़ की ओर से आ रहा था। लोको चौक के समीप पहुंचते ही चालक को ट्रक के पिछले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पिछले चक्के के पास आग की लपटें उठने लगीं।

चालक ने बिना देर किए ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा किया और अपनी जान बचाते हुए बाहर निकल गया। देखते ही देखते आग तेज हो गई। मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना बरकाकाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और रामगढ़ से अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।

समय रहते चालक के ट्रक से बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग लगने से ट्रक को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता नहीं चल सका है। बरकाकाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!