17 साल की किशोरी से गैंगरेप के बाद मचा हड़कंप, आरोपी आसिफ का हाफ एनकाउंटर… पुलिस ने दबोचा, 2 आरोपी अब भी फरार
दिल्ली। कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से कथित गैंगरेप के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वारदात के बाद फरार आरोपियों में से एक आसिफ को पुलिस ने अमर कॉलोनी इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके दो अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम किशोरी अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। दर्शन के बाद दोनों पास के आस्था कुंज पार्क में गए थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों नाबालिगों से पूछताछ करने लगे।आरोप है कि इसके बाद युवकों ने दोनों को धमकाया। एक आरोपी ने किशोर को अपने कब्जे में ले लिया और तीनों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद किशोरी की ओर से PCR को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा। इस बीच तीनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV खंगालने के बीच पुलिस का एक्शन
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए पार्क और आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली।इसके बाद दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में पुलिस और आरोपी आसिफ के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की कार्रवाई के बाद आसिफ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके फरार दोनों साथियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आसिफ ओखला मंडी में काम करता है। मामले में फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।

