भवन निर्माण निगम के GM कमलेश कुमार के 4 ठिकानों पर एक साथ छापा, 3.12 करोड़ की संपत्ति का हिसाब तलाशने उतरी है EOU
पटना। बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार से जुड़े चार ठिकानों पर EOU की अलग-अलग टीमें एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं। विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है।
EOU के अनुसार, कमलेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच और सत्यापन के दौरान प्रथमदृष्टया उनकी ज्ञात और वैध आय के मुकाबले करीब 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये की अतिरिक्त संपत्ति अर्जित किए जाने की बात सामने आई है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 103.30 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
सुबह-सुबह चार ठिकानों पर पहुंची EOU की टीम
मामले की जांच आगे बढ़ने के बाद मंगलवार सुबह EOU की टीमें एक साथ चार स्थानों पर पहुंचीं। इनमें वैशाली के जंदाहा थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास,पटना के एसके पुरी स्थित मनमोहन अपार्टमेंट का फ्लैट,राजीव नगर रोड नंबर-25सी स्थित मेघा बिल्डिंग,बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड स्थित महाप्रबंधक का कार्यालय कक्ष शामिल हैं।चारों स्थानों पर अधिकारी दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। टीम यह भी जांच कर रही है कि अधिकारी की घोषित आय और अर्जित संपत्ति के बीच कितना अंतर है।
तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
EOU की कार्रवाई अभी जारी है। जांच टीम संबंधित दस्तावेजों और अकाउंट डिटेल्स की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच में सामने आए तथ्यों की विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU की इस कार्रवाई से भवन निर्माण निगम के महाप्रबंधक कमलेश कुमार की संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की जांच का दायरा अब सामने आया है।

