राँची के कोकर में अचानक धधकी बाइक, आग बुझाने में जुटा रहा सवार, तमाशबीन बनी भीड़

 

राँची। राजधानी राँची के कोकर इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई।जब डिस्टलरी पुल के पास सड़क किनारे खड़ी एक बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक के अगले हिस्से से तेज आग की लपटें उठ रही हैं। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में बाइक का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन ज्यादातर लोग दूर खड़े होकर तमाशा देखते रहे।

 

हैरानी की बात यह रही कि जब बाइक धधक रही थी, तब बाइक सवार खुद पानी नहीं मिलने पर कोल्ड्रिंक की बोतल से आग बुझाने की कोशिश करता नजर आया। उसके साथ एक दो अन्य युवक भी आग पर काबू पाने का प्रयास करता रहा। वीडियो में आसपास बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं, लेकिन आग बुझाने के लिए आगे आने वालों की संख्या बेहद कम नजर आई।गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग लगने से बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है। आग आखिर किस वजह से लगी, इसका आधिकारिक कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना सदर थाना क्षेत्र के डिस्टलरी पुल के पास की बताई जा रही है। सड़क किनारे बाइक में आग लगने से आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।

error: Content is protected !!