पलामू में गृह प्रवेश का भोज बना आफत… खाना खाते ही बिगड़ी 400 से अधिक लोगों की तबीयत, गांव में मचा हड़कंप

 

पलामू। घर में गृह प्रवेश का जश्न था, मेहमानों के लिए शानदार भोज का इंतजाम किया गया था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यही दावत पूरे गांव के लिए मुसीबत बन जाएगी। भोज में खाना खाने वाले 400 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते गृह प्रवेश की खुशियां बीमारी और दहशत में बदल गईं।

मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ खरडीहा गांव का है। शुक्रवार को विमलेश यादव के घर गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था। इसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। भोज में 400 से अधिक लोगों ने भोजन किया। इसके कुछ समय बाद ही लोगों को उल्टी, बदन दर्द और तेज बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं। शुरुआत में कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ी, लेकिन शनिवार और रविवार तक बीमार पड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई।

40 से अधिक मरीज अस्पताल पहुंचे, गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम

रविवार सुबह स्थिति गंभीर होने पर 40 से अधिक बीमार लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दिलीप कुमार, रोशन कुमार, रेणु कुमारी, ललिता देवी, मंजू देवी, उर्मिला देवी, सतेंद्र यादव, प्रदीप यादव, निशा कुमारी, आकाश कुमार, शुभम कुमार, बिंदु देवी, केशरी यादव, रंजीत कुमार, किशुन यादव और बरती देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। वहीं, कई अन्य बीमार लोगों का गांव में ही इलाज किया जा रहा है।

विषाक्त भोजन की आशंका, जांच के लिए भेजा गया सैंपल

छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम जमुआ खरडीहा गांव भेजी गई है, जो घर-घर जाकर बीमार लोगों की जांच कर रही है और जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है।

इधर, स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है। साथ ही भोजन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर भोज में ऐसा क्या था, जिसे खाने के बाद सैकड़ों लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

फिलहाल गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम मुस्तैद है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। गृह प्रवेश की एक दावत से इतने बड़े पैमाने पर लोगों के बीमार पड़ने की घटना ने पूरे इलाके में चिंता पैदा कर दी है।

error: Content is protected !!