नियति का निर्दयी खेल… बड़े भाई की मौत के बाद भाभी का सहारा बना राहुल, अब खुद भी हादसे का शिकार

 

डेस्क/रोहतास। इसे किस्मत का क्रूर मजाक कहें या नियति का ऐसा निर्दयी खेल, जिसने एक ही परिवार को दो बार कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया। पहले सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत हुई। परिवार बिखरने लगा तो 27 वर्षीय छोटे भाई राहुल कुमार ने परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए अपनी विधवा भाभी से शादी कर ली। घर को फिर से संभालने और अपनों को सहारा देने की कोशिश कर ही रहे थे कि एक और सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। अब एक बार फिर घर में मातम है और पीछे छूट गया है बेसहारा परिवार।

बड़े भाई की मौत के बाद भाभी का थामा था हाथ

यह दर्दनाक कहानी बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के मोर गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, राहुल कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे। कुछ महीने पहले उनके बड़े भाई राजू यादव की कुम्हऊ गेट के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया था। बड़े भाई की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गई थीं। ऐसे मुश्किल वक्त में सामाजिक सहमति से राहुल ने अपनी विधवा भाभी से विवाह कर लिया और परिवार को संभालने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली।अभी परिवार इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि रविवार की शाम एक और मनहूस खबर ने सबकुछ बदल दिया।

शिवसागर ओवरब्रिज के पास काल बनकर आया अज्ञात वाहन

रविवार देर शाम 27 वर्षीय राहुल अपाची बाइक से अपने गांव मोर से शिवसागर आ रहे थे। इसी दौरान शिवसागर ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। जिस घर ने कुछ महीने पहले बड़े बेटे को खोया था, वहां अब दूसरे बेटे की मौत की खबर पहुंची तो चीख-पुकार मच गई।

दो बेटों को खोया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

लगातार दो सड़क हादसों में दो बेटों को खोने वाले परिवार का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। जिस राहुल ने बड़े भाई की मौत के बाद परिवार को बिखरने से बचाने की कोशिश की थी, वही अब हमेशा के लिए अपनों को छोड़कर चला गया। मोर गांव में उनकी मौत की खबर फैलते ही मातम छा गया। ग्रामीणों की भीड़ उनके घर पहुंची और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा

शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि रविवार देर शाम शिवसागर ओवरब्रिज के पास युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।एक परिवार को सहारा देने के लिए राहुल ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की थी, लेकिन किस्मत ने उन्हें भी छीन लिया। अब उस परिवार के सामने सिर्फ अपनों को खोने का दर्द ही नहीं, बल्कि भविष्य की अनगिनत चिंताएं भी खड़ी हैं।

error: Content is protected !!