राँची के खादगढ़ा बस स्टैंड टेंडर पर उठे सवालों की होगी जांच, नगर निगम ने बनाई पांच सदस्यीय कमेटी-

–7.5 करोड़ की बोली पहुंचने के बाद टेंडर रद्द, फिर 3.2 करोड़ में बंदोबस्ती का मामला गरमाया; जांच पूरी होने तक टेंडर प्रक्रिया स्थगित

राँची। राजधानी राँची के बहुचर्चित खादगढ़ा बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर अब नगर निगम ने जांच का आदेश दिया है। स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और राँची के महापौर के पत्र के बाद नगर निगम ने मामले के सभी तथ्यों की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। खास बात यह है कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट सौंपे जाने तक खादगढ़ा बस स्टैंड की मौजूदा निविदा प्रक्रिया को स्थगित रखने का आदेश दिया गया है।

राँची नगर निगम के नगर आयुक्त की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि 5 सितंबर 2026 को स्थानीय समाचार पत्र में खादगढ़ा बस स्टैंड को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी। खबर में दावा किया गया था कि 7.5 करोड़ रुपये की बोली पहुंचने के बाद टेंडर रद्द कर दिया गया और बाद में करीब 3.2 करोड़ रुपये में ही बंदोबस्ती कर दी गई।इस खबर के संबंध में नगर निगम की ओर से पहले भी पत्रांक M/78/2026, दिनांक 05-09-2026 के माध्यम से प्रकाशित खबर के सभी तथ्यों की जांच कर उचित कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा गया था।

दो सवालों ने बढ़ाई टेंडर प्रक्रिया पर नजर
कार्यालय आदेश में विशेष तौर पर दो बिंदुओं की जांच की जरूरत बताई गई है। पहला सवाल यह कि पहली बार हुई 8 अगस्त की निविदा को आखिर क्यों रद्द किया गया? वहीं दूसरा सवाल यह उठाया गया है कि दूसरी बार की निविदा में राशि इतनी कम क्यों हो गई?नगर निगम ने इन्हीं बिंदुओं के साथ खादगढ़ा बस स्टैंड की पूरी टेंडर प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए कमेटी गठित की है।

पांच अधिकारियों की कमेटी करेगी जांच
जांच के लिए गठित कमेटी में नगर निगम के पांच अधिकारियों को शामिल किया गया है।
*संजय कुमार, अपर नगर आयुक्त, राँची नगर निगम
*संजीव कुमार, कार्यपालक अभियंता, राँची नगर निगम
*निहारिका तिर्की, सहायक नगर आयुक्त, राँची नगर निगम
*मुकेश रंजन, सहायक नगर आयुक्त, राँची नगर निगम
*राजेश कुमार, प्रोग्रामर, राँची नगर निगम
शामिल हैं।

MSTC से भी लिया जाएगा स्पष्टीकरण
आदेश में कहा गया है कि कमेटी के सभी सदस्य खादगढ़ा बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया से जुड़े सभी तथ्यों की जांच करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित खबर में उठाए गए बिंदुओं की भी पड़ताल की जाएगी।जांच के दौरान संबंधित टेंडर का संचालन करने वाली एजेंसी MSTC से भी पूरे मामले में स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इसके बाद कमेटी अपना संयुक्त जांच प्रतिवेदन नगर निगम के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

जांच रिपोर्ट आने तक टेंडर पर रोक
नगर निगम के आदेश का सबसे अहम हिस्सा यह है कि जांच कमेटी की रिपोर्ट आने तक खादगढ़ा बस स्टैंड की निविदा प्रक्रिया को स्थगित रखा जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कमेटी की संयुक्त जांच रिपोर्ट समर्पित किए जाने और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने तक टेंडर प्रक्रिया स्थगित रहेगी।
साथ ही इस अवधि तक खादगढ़ा बस स्टैंड की विभागीय वसूली करने का आदेश भी दिया गया है।अब जांच कमेटी के सामने यह स्पष्ट करने की जिम्मेदारी होगी कि पहली निविदा क्यों रद्द हुई, दूसरी निविदा में राशि कम होने के पीछे क्या कारण रहा और पूरी टेंडर प्रक्रिया नियमों के अनुरूप हुई या नहीं। जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!