खूंटी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 5 लाख ईनामी सब जोनल कमांडर सहित 7 नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद.

खूंटी। खूंटी के एसपी आशुतोष शेखर के नेतृत्व में खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जोनल कमेटी के मेंबर हार्डकोर नक्सली और पांच लाख ईनामी नक्सली जीतराय मुंडा सहित सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए नक्सलियों में पांच लाख ईनामी नक्सली जीतराय मुंडा, जोगन पूर्ति, मांगो पाहन, दुखन मुंडा, मनय मुंडा, मंगल सिंह मुंडा और शिव सिंह शामिल है। गिरफ्तार हुए नक्सलियों के निशानदेही पर रांची सरायकेला, खूंटी और चाईबासा एसपी के निर्देश पर सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान चलाकर भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी:

आशुतोष शेखर को सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी के कुछ नक्सली अड़की मरांगदाहा सीमावर्ती क्षेत्र में जमा हुए हैं। सूचना मिलने के बाद एसपी आशुतोष शेखर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया और सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान रंगरोम जंगल में कुछ लोगों को योजना बनाते देख पुलिस ने घेराबंदी कर दी। जिसके बाद इन सभी की तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार गोली और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुई। पूछताछ के दौरान सभी गिरफ्तार आरोपियों ने नक्सली होने की बात स्वीकार किया।

अमित मुंडा, बोयदा पाहन और महाराजा प्रमाणिक दस्ते के सक्रिय सदस्य हैं सभी नक्सली:

गिरफ्तार हुए नक्सलियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि सभी लोग हार्डकोर नक्सली अमित मुंडा, बोयदा पाहन और महाराजा प्रमाणिक दस्ते के सक्रिय सदस्य हैं। नक्सलियों के द्वारा रांची के तमाड़, सरायकेला और चाईबासा क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर आईडी लगाया गया है। ताकि सुरक्षा बलों को अभियान के दौरान भारी नुकसान पहुंचाया जा सके।

चार जिलों में ऑपरेशन चलाकर भारी मात्रा में हथियार किया बरामद:

गिरफ्तार हुए नक्सलियों के निशानदेही पर रांची, सरायकेला, चाईबासा और खूंटी जिले के एसपी के निर्देश पर सुरक्षाबलों ने रांची जिले के पियाकुल्ली, अरहंगा सरायकेला जिले के रायसिंदरी, चाईबासा जिले के चित्तिपल, क्षेत्र में अभियान चलाकर भारी मात्रा में गोली, आईडी और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। सुरक्षाबलों ने 5 किलो के साथ आईडी, 4 किलो के 65 आईडी, 3 राइफल और 97 जिंदा गोली सहित कई अन्य सामान बरामद किया है। भाकपा माओवादी संगठन के द्वारा रांची खूंटी सरायकेला और चाईबासा जिले में बड़ी घटना का अंजाम देने के फिराक में थे और सुरक्षाबलों को क्षति पहुंचाने की कोशिश में लगे हुए थे हालांकि 4 जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया। इस अभियान को आईजी ऑपरेशन साकेत कुमार सिंह झारखंड जगुआर के डीआईजी चाईबासा और रांची के द्वारा लगातार निर्देशित किया जा रहा था।