निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य शूटर का हाफ एनकाउंटर,धनबाद में पुलिस की गोली से कुख्यात अपराधी सागर सिंह घायल,दो अन्य गिरफ्तार…

 

धनबाद।जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे मुख्य शूटर सागर सिंह का बुधवार की शाम धनबाद के निरसा में पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से सागर सिंह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सागर सिंह अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ धनबाद में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से पहुंचा था। इसी दौरान इसकी सूचना धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और अपराधियों की घेराबंदी शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों की घेराबंदी के दौरान जैसे ही पुलिस टीम उनके करीब पहुंची, अपराधियों ने पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस की गोली सागर सिंह को लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से सागर सिंह के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने की सूचना है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि धनबाद में वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य शूटर बताया गया था सागर
सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य शूटर के तौर पर सामने आया था। 24 अगस्त 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या की गई थी। जांच में सागर सिंह और अंकित सिंह के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई थी।जांच के दौरान पुलिस ने हत्याकांड की साजिश, रेकी और शूटरों तक निखार की तस्वीर व लोकेशन पहुंचाए जाने से जुड़े कई डिजिटल सुराग भी जुटाए थे। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि सागर सिंह पुलिस की पकड़ से बाहर था।

अब धनबाद के निरसा में सागर सिंह के हाफ एनकाउंटर और उसके दो साथियों की गिरफ्तारी को निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में भी अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और धनबाद में प्रस्तावित वारदात की वजह का पता लगाने में जुटी है।

 

error: Content is protected !!