राँची में दर्दनाक सड़क हादसा: रिंग रोड पर अज्ञात वाहन से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौके पर मौत; किसी ने नहीं पहना था हेलमेट

 

राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रामपुर के पास रिंग रोड पर अरविंद मिल के समीप रात करीब 8:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तुपुदाना की ओर से नामकुम आ रही मोटरसाइकिल की एक अज्ञात बड़े वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवकों की जान चली गई। हादसे के वक्त तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।

बड़े वाहन से टकराई बाइक, तीनों ने मौके पर तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों युवक तुपुदाना की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड पर अरविंद मिल के समीप उनकी मोटरसाइकिल आगे चल रहे एक बड़े वाहन से पीछे की ओर टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। उसके बाद मौके पत पुलिस पहुँची।

टक्कर मारने के बाद फरार हुआ अज्ञात वाहन
जानकारी के अनुसार, बाइक की टक्कर एक अज्ञात बड़े वाहन से हुई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। फिलहाल दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।

किसी ने नहीं पहना था हेलमेट
इस हादसे में एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बाइक पर सवार तीनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और मौत की परिस्थितियों की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी, लेकिन हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करना सड़क दुर्घटना में जानलेवा साबित हो सकता है। दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक के साथ पीछे बैठे व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है।

आधार कार्ड और मोबाइल से मृतकों की पहचान की कोशिश
घटना की सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना और खरसीदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। मृतकों के पास से दो मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर पुलिस उनकी पहचान सुनिश्चित करने और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।एक मृतक के पर्स से मिले आधार कार्ड पर लोकनाथ सिंह, पिता मनबोध सिंह, पता केदुआ टोली, नेवरी विकास दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इस जानकारी के आधार पर संबंधित परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

परिजनों तक सूचना पहुंचाने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस का प्रयास मृतकों की पहचान सुनिश्चित कर उनके परिजनों को सूचना देने का है। इसके साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए भी आवश्यक जांच की जा रही है। तीन युवकों की एक साथ मौत से इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

अपील: सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें।तेज रफ्तार बाइक ना चलाएं। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले, दोनों हेलमेट जरूर पहनें। थोड़ी-सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

error: Content is protected !!