चुटिया ज्वेलरी दुकान विवाद: दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR, मारपीट में कई घायल; गिरफ्तारी की मांग पर थाना का घेराव…
राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पावर हाउस चौक के पास बुधवार की रात एक ज्वेलरी दुकान में किसी बात को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। राजेन्द्र ज्वेलर्स के संचालक राजेन्द्र सोनी और नायक टोली के कुछ लोगों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक पक्ष के पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। इनमें अंगद नायक युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, घटना को लेकर नायक टोली चुटिया दर्जनों महिला पुरूष ने आज सुबह ही चुटिया थाना पहुंचकर घेराव किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
मामले में दोनों पक्षों की ओर से चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक ओर साहिल नायक ने राजेन्द्र सोनी और उनके बाहर से आये साथियों पर मारपीट, धारदार हथियारों से हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर ज्वेलरी दुकानदार राजेन्द्र सोनी ने शाहील नायक, विशाल नायक, तनीष्क नायक और उनके साथ आए अन्य लोगों पर रंगदारी मांगने, दुकान में घुसकर मारपीट करने, पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने तथा नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटने का आरोप लगाया है।
शाहिल नायक पक्ष का आरोप: रॉड, तलवार और भाले से हमला
शाहिल नायक की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, 30 सितंबर को पावर हाउस चौक के पास राजेन्द्र सोनी के साथ उनका विवाद हुआ था। आरोप है कि राजेन्द्र सोनी ने शाहिल नायक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वहां मौजूद उनके कुछ साथियों ने भी मारपीट में साथ देना शुरू कर दिया।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि करीब आठ से दस लोगों ने रॉड, लोहे की छड़, कड़ा, डंडा, स्टील पाइप, भाला और तलवार जैसे हथियारों से हमला किया। शाहिल नायक के छोटे भाई अंगद नायक समेत परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उन पर भी हमला कर दिया गया।हमले में कई लोगों के सिर फट गए और वे घायल होकर गिर पड़े। परिवार के अन्य सदस्यों, जिनमें महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे, के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।शाहिल नायक पक्ष ने अपने आवेदन में जातिसूचक गालियां देने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमले में पांच लोग घायल हुए हैं और अंगद नायक की हालत गंभीर है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
दुकानदार का आरोप: रंगदारी नहीं देने पर दुकान में घुसकर मारपीट
दूसरी ओर, राजेन्द्र सोनी ने चुटिया थाना में दिए गए आवेदन में बताया है कि उनकी राजेन्द्र ज्वेलर्स नाम से पावर हाउस चौक के पास दुकान है। 30 सितंबर को शाम करीब चार बजे वह अपनी पत्नी रिकी कुमारी और भांजे आरमान वर्मन के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान तनीष्क नायक, विशाल नायक, शाहील नायक और उनके साथ आए चार-पांच लोग दुकान पर पहुंचे।
दुकानदार का आरोप है कि इन लोगों ने दुकान चलाने के एवज में उनसे रंगदारी की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद सभी वहां से चले गए।राजेन्द्र सोनी के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे जब वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी उक्त लोग दोबारा पहुंचे। इस बार उनके साथ करीब 25 से 30 अन्य लोग भी थे। दुकानदार का आरोप है कि सभी दुकान में घुस गए और उनके तथा उनके भांजे के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर तलवार, लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक और अन्य हथियार लेकर आए थे तथा उन पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पत्नी से दुर्व्यवहार और जेवरात छीनने का भी आरोप
दुकानदार ने अपनी प्राथमिकी में पत्नी रिकी कुमारी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, मारपीट के दौरान उनकी पत्नी के कपड़े फाड़ दिए गए तथा गले की चेन और सोने के झुमके छीन लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकान के काउंटर में रखे नकद रुपये और सोने-चांदी के आभूषण भी ले लिए गए। जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।दुकानदार ने पुलिस से अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नायक टोली के लोगों ने थाना घेरा
घटना के बाद नायक टोली चुटिया के दर्जनों लोग चुटिया थाना पहुंचे और थाना का घेराव करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मारपीट में शामिल दुकानदार और बाहर से बुलाए लोगों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए।घेराव कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि दुकानदार ने बाहर से फोन कर कई अपराधी किस्म के लोगों को बुलाकर युवकों से बेरहमी से मारपीट किया।स्थनीय लोग काफी गुस्से में थे।लेकिन थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोषा दिया।थाना प्रभारी ने कहा जांच में जो भी दोषी होंगे उस पर कार्रवाई होगी।उसके बाद घेराव कर रहे लोग वहां से चले गए।हालांकि घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
थाना प्रभारी बोलीं- जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस के सामने दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच करना, घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट करना और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।दुकान और आसपास के दुकानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।

