कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह के भतीजे के अपहरण मामले में महिला समेत चार पर FIR, मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप
राँची। कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह के भतीजे किशन सिंह (18) के कथित अपहरण और उसके साथ मारपीट के मामले में कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशन के पिता भूपेंद्र कुमार सिंह, निवासी गाड़ीखाना बीटी रोड, ने थाना में लिखित शिकायत देकर एक महिला समेत तीन अज्ञात लोगों पर बेटे को अगवा करने, उसके साथ मारपीट करने, लूटपाट और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक घटना 29 सितंबर 2026 की शाम की है। किशन सिंह ने घरवालों से कहा था कि वह पीछे वाले खटाल में बीमार कुत्ते को हटाने के लिए जा रहा है। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। रात करीब नौ बजे तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
CCTV में गाड़ीखाना चौक की ओर जाता दिखा किशन
परिजनों ने आसपास तलाश करने के साथ एक मकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज भी देखी। शिकायत के अनुसार, फुटेज में किशन को गाड़ीखाना चौक की ओर जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने मामले की सूचना कोतवाली थाना को दी।इसी बीच रात करीब 10:45 बजे किशन के पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। शिकायत के अनुसार, फोन पर किशन ने अपने पिता से कहा कि उसे बचा लिया जाए और कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि वह टोल प्लाजा के पास स्थित पंजाबी ढाबे से बोल रहा है और किशन घायल हालत में है।
ओरमांझी पुलिस ने बरामद किया
इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस किशन के पिता को लेकर मौके की ओर रवाना हुई और मामले की सूचना ओरमांझी थाना पुलिस को दी गई। शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद ओरमांझी थाना प्रभारी किशन को लेकर थाना पहुंचे। परिजनों का दावा है कि उस समय किशन काफी घबराया हुआ और घायल था तथा ठीक से बोलने की स्थिति में नहीं था।इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, राँची ले जाया गया।
इलाज के बाद बताई घटना की कहानी
शिकायत में किशन के हवाले से कहा गया है कि रास्ते में उसे एक महिला मिली थी, जिसने अपनी बेटी के इलाज के लिए मदद मांगी। उसके पास पैसे नहीं होने के कारण उसने अपने स्टाफ रोहित से एक हजार रुपये मांगे और गाड़ीखाना चौक पर उक्त महिला को पैसे देने लगा।आरोप है कि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसके सिर पर किसी कठोर वस्तु से वार किया, जिसके बाद वह कुछ समय के लिए विचलित हो गया। इसके बाद उसे कथित तौर पर एक टेंपो में बैठाकर कहीं ले जाया गया।
टेंपो में ले जाकर मारपीट का आरोप
एफआईआर के अनुसार, किशन ने पुलिस को बताया कि टेंपो में मौजूद लोगों ने उसके साथ काफी मारपीट की। सिर में चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गया। बाद में जब उसे होश आया तो तीन व्यक्ति उसके साथ मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक, उन लोगों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि “अभी तो ट्रेलर है, आगे बहुत कुछ हो सकता है।”किशन के पिता ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने उनके बेटे का अपहरण कर उसके साथ लूटपाट की और उसकी हत्या का प्रयास किया।
महिला और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
किशन के पिता ने कोतवाली थाना प्रभारी से मामले में संबंधित महिला और टेंपो में सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, बेटे के इलाज और उसकी स्थिति को देखते हुए घटना के तुरंत बाद विस्तृत लिखित शिकायत नहीं दी जा सकी। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। CCTV फुटेज, फोन कॉल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही कथित अपहरण और हमले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

