राँची:नामकुम रेलवे ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत
राँची।नामकुम थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार की रात सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।जानकारी के अनुसार युवक स्कूटी से रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
सड़क पर घायल युवक को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला है। मोबाइल में दर्ज नंबरों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क कर पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी का रजिस्ट्रेशन खूंटी जिले का बताया जा रहा है। पुलिस अब स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

