नहर में पलटा आयशर, अंदर फंसी चालक की जान; ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सरायकेला/चांडिल। चांडिल डैम रोड स्थित गांगूडीह मुख्य कैनाल में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बालू लदा आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक पानी में जा गिरा और चालक उसके अंदर फंस गया। हालांकि नहर में पानी कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बिना देर किए चालक को वाहन से बाहर निकाला।
चालक को हादसे में मामूली चोट लगी है। ग्रामीणों ने उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यदि नहर में पानी का स्तर अधिक होता तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
आयशर के नहर में पलटने के बाद इलाके में बालू के परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि एनजीटी के निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में बालू का कथित अवैध कारोबार और बालू लदे वाहनों का परिचालन जारी है।ग्रामीणों के मुताबिक नदी में तेज बहाव के कारण फिलहाल नदी से बालू उठाव कम है। इसके बावजूद चौका, चांडिल और नीमडीह इलाके में डंप किए गए बालू से आपूर्ति किए जाने की चर्चा है।
ग्रामीणों का दावा है कि नीमडीह क्षेत्र से रात के समय बड़े पैमाने पर बालू लदे हाइवा और अन्य भारी वाहनों का परिचालन हो रहा है। आरोप है कि यहां से बालू को पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में ऊंची कीमत पर भेजा जा रहा है।गांगूडीह कैनाल में बालू लदे वाहन के पलटने की घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बालू परिवहन का यह खेल किसकी निगरानी में चल रहा है।

