Ranchi:हज हाउस से लौट रहे दंपत्ति को ट्रेलर ने कुचला, पत्नी की मौत..लोगों का जबरदस्त हंगामा..
राँची।राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाला लाजपत नगर के समीप बुधवार की देर शाम एक ट्रक ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। इस हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला की मौत के बाद लोगों ने सड़क जामकर हंगमा भी किया।घटना बुधवार की शाम उस समय हुई, जब पति-पत्नी स्कूटी से हज हाउस से अपने घर लौट रहे थे। मृतक 51 वर्षीय मुनेजा खातून पुंदाग इलाही नगर की रहने वाली थीं। वे पति रियासत अंसारी के साथ हज की यात्रा पर जाने वाली थी। इधर, घायल रियासत अंसारी को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक है।
घटना के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और चापूटोली मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।इस दौरान आक्रोशित लोगों ने ट्रेलर में तोड़फोड़ भी की और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।आक्रोशित लोगों का आरोप था कि इस मार्ग में रात नौ बजे तक नो एंट्री रहती है।ऐसे में ट्रेलर लाला लाजपत नगर मार्ग में कैसे घुस गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी और पुंदागओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस की टीम ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस क्रम में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बहस भी हुई।हालांकि रात में समझाने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया तब जाकर जाम हटा। मौके पर पुलिस ने बताया कि भीड़ को शांत करवा कर सड़क जाम हटा लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।आज शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को दस लाख रुपए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि प्रशासन और ट्रेलर चालक की लापरवाही की वजह से घटना घटी है।इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।हटिया डीएसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।जिसके बाद लोग सड़क से हटे और यातायात सामान्य हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मुनेजा खातून और उनके पति रियासत अंसारी हज की सफर पर इसी महीने जाने वाले थे। इसी सिलसिले में बुधवार की दोपहर दोनों कडरू स्थित हज हाउस गए थे। हज हाउस में कागजात का काम पूरा करने के बाद दंपत्ति स्कूटी से अपने पुंदाग स्थित घर लौट रहे थे।
लाला लाजपत नगर के मोड़ के पास जब वह पहुंचे तो ट्रेलर चालक उनकी स्कूटी में धक्का मार दिया। इस घटना में रिसायत सड़क के दूसरी तरफ गिर गया। जबकि उनकी पत्नी मुनेजा सड़क पर ही गिर गई और ट्रेलर उस पर चढ़ गया, जिससे मुनेजा की मौके पर ही मौत हो गयी।

