नौकरी का झांसा, फिर शोषण का जाल:सैलून संचालकों पर संगीन आरोप, दो पर केस दर्ज–
–दर्ज प्राथमिकी में नशीला पदार्थ देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने सैलून संचालक पर शोषण, दुष्कर्म और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता भुरकुंडा रामगढ़ की रहने वाली है। उसने लालपुर थाने में दो के विरुद्ध एक अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उसे मैनेजर पद और बेहतर वेतन का लालच देकर उड़ीसा से राँची बुलाया गया, लेकिन यहां उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया गया। शिकायत के अनुसार, पीड़िता पहले ओडिशा के अंगुल जिले में एक सैलून में कार्यरत थी। वहीं से सैलून संचालक सोहेब मलिक और उसके परिचित सोहेल खान के माध्यम से उसे राँची आने के लिए प्रेरित किया गया। उसे 30 हजार रुपये मासिक वेतन और बेहतर भविष्य का आश्वासन दिया गया था। पीड़िता 25 सितंबर 2025 को राँची आकर सैलून ज्वाइन की।
पीड़िता का आरोप है कि ज्वाइन करने के बाद से ही संचालकों की नीयत खराब थी। उसे न तो नियमित वेतन दिया गया और न ही तय सुविधाएं मिलीं। कई महीनों का वेतन, इंसेंटिव और प्रोडक्ट का पैसा अब भी बकाया है। विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और कथित तौर पर जबरन धार्मिक दबाव भी बनाया जाता था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे फ्लैट में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इसके अलावा कई बार उसे नशीला पदार्थ देकर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की गई। उसने यह भी कहा कि देर रात तक काम कराने के बाद जबरन फ्लैट ले जाया जाता था, जहां उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं हुईं।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि उसके साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई तथा दो दिन तक जबरन फ्लैट में रखकर दुष्कर्म किया गया। इस दौरान वह मानसिक रूप से इतना परेशान हो गई कि उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया। पीड़िता का कहना है कि जब भी वह वेतन मांगती थी, तो उसे टाल दिया जाता था या गलत प्रस्ताव दिए जाते थे। साथ ही, उसके बारे में समाज में गलत अफवाहें फैलाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता अपनी मां के साथ डांगरा टोली स्थित सैलून पहुंची और बकाया वेतन की मांग की। इस दौरान दोनों के साथ दुर्व्यवहार, धक्का-मुक्की और कथित रूप से गलत तरीके से छूने की घटना हुई। आरोप है कि संचालकों ने पैसे देने से इनकार करते हुए धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

