हेहल ग्राउंड में अपराध की साजिश रच रहे थे बदमाश, पुलिस ने दबोचा; लोडेड पिस्टल और जिंदा गोली बरामद
राँची।राजधानी राँची में अपराध की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ सुखदेवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हेहल ग्राउंड के पास छापेमारी कर एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.65 एमएम का देसी लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद दूसरा आरोपी भाग निकला, जिसे बाद में त्वरित अनुसंधान करते हुए रातू थाना क्षेत्र के नवाटोली सिमलिया से गिरफ्तार कर लिया गया।
मंगलवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 सितंबर की शाम करीब 6:50 बजे सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी होटल ग्राउंड के पास किसी अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने पुलिस पदाधिकारियों और पीसीआर-28 के पुलिस पदाधिकारियों तथा सशस्त्र बल के साथ तत्काल होटल ग्राउंड में छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही वहां पहले से बैठे संदिग्ध लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस बल ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नितेश मिर्धा, पिता दीपक मिर्धा, निवासी हेहल पाहन टोली,हेहल अंचल रोड, सुखदेवनगर,बताया।
पुलिस ने नितेश मिर्धा की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक आईफोन बरामद हुआ। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान एक अन्य संदिग्ध अपराधकर्मी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की। त्वरित अनुसंधान के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।फरार आरोपी की पहचान ऋतिक राज, पिता राजेश कुमार सिंह, निवासी सर्वोदय नगर, इमली पेड़, नवाटोली सिमलिया,रातू, के रूप में हुई है।
कार्रवाई में सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, पुलिस पदाधिकारी राहुल कुमार, प्रदीप सेवैया और विनोद कुमार सोनी, पीसीआर-28 के कृष्णा प्रसाद गुप्ता, आरक्षी 1466 रोहित कुमार राय तथा सुखदेवनगर थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके साथ गिरोह में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। बरामद हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।आज की प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया।

