राँची पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार, दूसरे मामले में सोने की चेन लूट के दो आरोपी दबोचे…

 

राँची।राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पर छापेमारी कर एक युवक को नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा। उसके पास से करीब 14.86 ग्राम ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए गए। वहीं, दूसरे मामले में मारपीट और सोने की चेन छिनतई के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी

ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी, युवक गिरफ्तार

पहली कार्रवाई 11 सितंबर को हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अरगोड़ा बागान लाह कोठी के पास प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर, रांची के नियंत्रण में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
करीब 11:15 बजे पुलिस टीम अरगोड़ा बागान लाह कोठी के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, छापेमारी दल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुमित कुमार जायसवाल, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता राजू जायसवाल, निवासी गली नंबर-01, अमित की दुकान के पास, चटकपुर, थाना रातू, जिला राँची बताया।पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से प्लास्टिक में लिपटा हुआ करीब 14.86 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से Vivo कंपनी का एक मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी मिले।पुलिस ने जब आरोपी से बरामद ब्राउन शुगर के संबंध में वैध कागजात मांगे तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 312/2026, दिनांक 11 सितंबर 2026 के तहत धारा 21(B)/22/29 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजने की कार्रवाई की गयी है।

मारपीट के बाद गले से सोने की चेन खींचने का आरोप, दो गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई एक पुराने मामले में हुई, जिसकी शुरुआत 6 सितंबर 2026 की शाम करीब चार बजे हुई थी। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, पिंकू कुमार चौधरी अपने घर अरगोड़ा बागान गली, न्यू मधुकम रोड की ओर अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान हरगोविंद नर्सिंग होम के पास एक कार और टेंपो सड़क पर खड़े थे।पिंकू कुमार चौधरी ने टेंपो चालक सूरज यादव को वहां से वाहन हटाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सूरज यादव, मोहित यादव, अंशु यादव समेत चार-पांच लोगों ने मिलकर पिंकू कुमार चौधरी के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।विज्ञप्ति के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने पिंकू कुमार चौधरी के गले में पहनी हुई सोने की चेन छीन ली। साथ ही उन्हें जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से मारपीट करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।घटना के बाद पीड़ित ने सुखदेवनगर थाना में आवेदन दिया। इसके आधार पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 308/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 को धारा 126(2), 115(2), 109(1), 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी।मामला दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सुखदेवनगर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में 10 सितंबर की रात पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार, उम्र 21 वर्ष, पिता सूरज यादव, निवासी अरगोड़ा बागान गली, लाह कोठी, रातू रोड, थाना सुखदेवनगर और राजेंद्र महली, उम्र 23 वर्ष, पिता स्वर्गीय गणेश महली, निवासी खादगढ़ा मिलन चौक, रातू रोड, थाना सुखदेवनगर, राँची के रूप में हुई है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मामले में छीनी गयी सोने की चेन भी बरामद की है। बरामद चेन को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!