राजधानी में ‘स्नैचर गैंग’ का आतंक…15 घंटे में छिनतई की 8 वारदात, कहीं गले से चेन तो कहीं हाथ से मोबाइल झपटा

 

राँची। राजधानी राँची में सड़क पर निकलना अब कितना सुरक्षित है, गुरुवार को हुई छिनतई की लगातार घटनाओं ने इस सवाल को फिर खड़ा कर दिया है। सुबह करीब 6:30 बजे से रात 10:20 बजे तक महज 15 घंटे के भीतर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छिनतई और लूट की आठ घटनाएं सामने आईं। कहीं स्कूल बस स्टॉप से लौट रही महिला के गले से सोने की चेन झपटी गयी, तो कहीं बच्चे का आई-कार्ड देने जा रही महिला को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। सुबह की सैर से लौट रही महिलाओं से लेकर सड़क पर मोबाइल से बात कर रही युवती और स्कूटी से घर लौट रहे दंपती तक बदमाशों के निशाने पर रहे।सबसे चिंताजनक बात यह रही कि कई घटनाओं में अपराधियों ने पहले पीड़ितों की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। अधिकांश घटनाओं में काले रंग की बाइक, हेलमेट पहने अपराधी और तेज रफ्तार से भाग निकलने का पैटर्न सामने आया है। कुछ मामलों में बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट होने की बात भी सामने आयी है।एक ही दिन में इतने मामलों के सामने आने के बाद शहर की सड़क सुरक्षा, पुलिस गश्त और सक्रिय स्नैचर गिरोहों पर सवाल खड़े हो गये हैं।

सुबह 6:30 बजे: बच्चे को स्कूल छोड़ लौट रही महिला के गले से चेन झपटी

गुरुवार की सुबह करीब 6:30 बजे पहली घटना बरियातू थाना क्षेत्र के सरहुल नगर में हुई। पेबल-बे अपार्टमेंट में रहने वाली महिला अपने बच्चे को स्कूल बस स्टॉपेज पर छोड़कर अपार्टमेंट लौट रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार दो अपराधी उनके करीब पहुंचे और देखते ही देखते उनके गले से सोने की चेन झपट ली।अपराधी इतनी तेजी से भागे कि महिला के शोर मचाने के बावजूद उन्हें पकड़ने का मौका नहीं मिला। आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन तब तक बाइक सवार फरार हो चुके थे। सूचना पर बरियातू पुलिस पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गयी।

लालपुर से पीछा… डंगराटोली पहुंचते ही महिला के गले से चेन गायब

दूसरी घटना लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डंगराटोली इलाके में सुबह करीब सात बजे हुई। लालपुर के कौशांबी इन्क्लेव, नवीन मित्रा लेन निवासी रुचिता राय अपने बच्चे को लालपुर चौक के पास स्टॉपेज पर छोड़ने गयी थीं। बाद में उन्हें पता चला कि बच्चे का आई-कार्ड छूट गया है।वह स्कूटी से डंगराटोली चौक गयीं और बच्चे को आई-कार्ड देने के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर पहुंचे दो उचक्कों ने पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गये।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि बदमाश लालपुर चौक से ही महिला का पीछा कर रहे थे। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना ने यह भी आशंका पैदा कर दी है कि अपराधी पहले से सड़क पर ऐसे लोगों की रेकी कर रहे थे, जिन्हें आसानी से निशाना बनाया जा सके।

मोरहाबादी में कार वाशिंग सेंटर से निकलते ही चेन पर हाथ साफ

घटना सुबह करीब 10:35 बजे की बतायी गयी है।कुंदन प्रसाद ने मामले को लेकर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, वह अपनी कार की धुलाई करा रहे थे.इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक पीछे से पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।पीड़ित के अनुसार, दोनों युवकों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे।घटना के बाद दोनों बाइक से तेजी से फरार हो गये. अचानक हुई वारदात के कारण पीड़ित जब तक कुछ समझ पाते, दोनों अपराधी मौके से निकल चुके थे।

सुबह की सैर से लौट रही रंजना को बाइक सवारों ने बनाया शिकार

सुबह करीब 7:45 बजे पंडरा ओपी क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास लेदर शोरूम के नजदीक रंजना कुमारी अपनी दो महिला मित्रों के साथ टहलकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक रंजना के गले से करीब 20 से 25 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली। रंजना के शोर मचाने पर दोनों बदमाश पंडरा की ओर भाग निकले। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। पीछे बैठे बदमाश ने काले रंग की टी-शर्ट पहनी थी।

स्टेडियम से लौट रहे दंपती पर हमला, स्कूटी पर बैठी महिला की चेन झपटी

जयपाल सिंह स्टेडियम से टहलकर लौट रहे मो. फैयाज अपनी पत्नी शहजादी बेगम के साथ स्कूटी से कचहरी की ओर जा रहे थे। गंगा स्वीट्स के पास काले रंग की बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी युवकों ने उनकी स्कूटी को निशाना बनाया।बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने शहजादी बेगम के गले से सोने की चेन झपटी और दोनों अपराधी कचहरी चौक की ओर भाग निकले। अचानक हुई घटना से दंपती कुछ समझ पाते, इससे पहले अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।

सेवा सदन के पास फोन पर बात कर रही युवती से मोबाइल झपटा

गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे मारवाड़ी कॉलेज से घर लौट रही 18 वर्षीय युवती सेवा सदन के पास फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की बाइक पर आया एक युवक उनके हाथ से मोबाइल झपटकर बड़ा तालाब की ओर फरार हो गया।
युवती अकेली थीं, इसलिए तत्काल पीछा नहीं कर सकीं। बाद में उन्होंने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। अगले दिन पिता के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी।

रात में टेंपो बना लूट का जरिया, चाकू दिखाकर यात्री से 22 हजार और दस्तावेज लूटे

रात करीब 9:30 बजे अरगोड़ा थाना क्षेत्र में छिनतई से अलग लूट की वारदात सामने आयी। गया से राँची पहुंचे सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी मो. अंजर अहमद अरगोड़ा जाने के लिए पियाजियो टेंपो में बैठे थे। टेंपो में पहले से एक युवक मौजूद था।रास्ते में चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर टेंपो को फल मंडी रोड की ओर मोड़ दिया। चालक ने कागज देने की बात कही। इसके बाद टेंपो को सुनसान जगह पर रोक दिया गया। चालक और उसके साथी ने यात्री को चाकू दिखाकर सामान निकालने को कहा।बदमाशों ने उनसे 22 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और सरकारी नौकरी से जुड़े जरूरी कागजात लूट लिये और फरार हो गये। पीड़ित के आवेदन पर अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया है।

रात 10:20 बजे फिर मोबाइल झपटा, पीछा करने पर हिंदपीढ़ी की ओर भागा बदमाश

दिन की आखिरी घटनाओं में से एक रात करीब 10:20 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। विनित कुमार पोद्दार परिवार के साथ स्कूटी से बड़ा तालाब होते हुए सेवा सदन की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से काले रंग की बाइक पर आया युवक उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गया। पीड़ित ने बदमाश का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह हिंदपीढ़ी की ओर भाग निकला। बाइक का नंबर 3573 बताया गया है।

फर्जी नंबर प्लेट, हेलमेट और एक जैसा तरीका… क्या एक ही गिरोह सक्रिय

गुरुवार की घटनाओं को एक साथ देखें तो कई मामलों में अपराधियों का तरीका लगभग एक जैसा नजर आता है। काले रंग की बाइक, हेलमेट से चेहरा छिपाना, पीछे से अचानक पहुंचना, चेन या मोबाइल झपटना और तेज रफ्तार में फरार हो जाना कई घटनाओं में यही पैटर्न सामने आया।डंगराटोली और सरहुल नगर की घटनाओं में इस्तेमाल बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट होने की जानकारी भी सामने आयी है। ऐसे में पुलिस के सामने यह पता लगाना बड़ी चुनौती है कि इन घटनाओं के पीछे अलग-अलग गिरोह हैं या शहर में सक्रिय कोई संगठित स्नैचर गैंग लगातार वारदात कर रहा है।

15 घंटे, 8 वारदात और कई सवाल

गुरुवार की घटनाओं ने राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं। सुबह स्कूल बस स्टॉप से लेकर रात के सुनसान रास्तों तक अपराधियों की सक्रियता दिखाई दी। महिलाओं के गले की चेन से लेकर राह चलते लोगों के मोबाइल तक बदमाशों ने निशाना बनाया।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस इन लगातार हो रही वारदातों के पीछे सक्रिय गिरोह तक पहुंच पायेगी, या राजधानी की सड़कों पर स्नैचरों का यह आतंक यूं ही जारी रहेगा?

error: Content is protected !!