मामी-भांजे पर टूटा जहरीले सांप का कहर, कुछ घंटों के अंतराल में दोनों की मौत
सिमडेगा।जिले के रायबहादुर गांव में गुरुवार की रात एक जहरीले सांप ने ऐसा कहर बरपाया कि एक ही परिवार के मामी और भांजे की जान चली गयी। दोनों घर में अलग-अलग बिस्तर पर सो रहे थे। रात करीब 11 बजे सांप ने दोनों को डस लिया। मामी की नींद खुली तो उन्हें सांप नजर आया। इसके बाद घरवालों ने सांप को मार डाला, लेकिन तब तक अनहोनी दस्तक दे चुकी थी।
मृतकों की पहचान बिमला देवी और उनके भांजे अर्जुन बड़ाइक के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मामी को डसने का पता चला, भांजे को भनक तक नहीं लगी
बताया गया कि रात करीब 11 बजे बिमला देवी और अर्जुन बड़ाइक अलग-अलग बेड पर सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने दोनों को डस लिया। बिमला देवी की नींद खुली तो उन्होंने सांप को देख लिया। शोर मचाने पर बगल में सो रहे अर्जुन और घर के अन्य सदस्यों ने सांप को मार दिया।हालांकि, अर्जुन को तत्काल यह एहसास नहीं हुआ कि सांप ने उसे भी डसा है। रात करीब 2.30 बजे वह खुद अपनी मामी को इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल लेकर पहुंचा। मामी को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह वापस घर लौट गया।
घर लौटते ही बिगड़ने लगी अर्जुन की हालत
अस्पताल से घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद अर्जुन की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान बिमला देवी और अर्जुन बड़ाइक दोनों ने दम तोड़ दिया।एक ही रात सांप के डसने से मामी-भांजे की मौत की खबर से गांव में सन्नाटा पसर गया।
माँ का जाति प्रमाण पत्र बनवाने दिल्ली से गांव आया था अर्जुन
बताया गया कि अर्जुन बड़ाइक दिल्ली में रहकर काम करता था। वह अपनी मां का जाति प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में गांव आया था। किसे पता था कि कुछ दिनों के लिए गांव आया अर्जुन अब कभी दिल्ली वापस नहीं लौट पाएगा।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

