999 रुपये कैशबैक का लालच, APK डाउनलोड कराते ही खाली हो जाता था खाता… जामताड़ा में साइबर गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार
जामताड़ा। PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का मैसेज… फिर क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर… और उसके बाद मोबाइल में APK डाउनलोड कराने का खेल। इसी तरीके से लोगों को साइबर ठगी के जाल में फंसाने वाले पांच शातिर साइबर अपराधियों को जामताड़ा पुलिस ने दबोच लिया है। नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किये हैं।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनकी बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करते थे।पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधी लोगों के मोबाइल पर PhonePe के नाम से 999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजते थे। मैसेज के जरिए लोगों को कैशबैक स्वीकार करने के लिए निर्देश दिया जाता था।इसके बाद ठग पीड़ित को अपने बताए तरीके से आगे की प्रक्रिया पूरी कराने की कोशिश करते थे। इसी दौरान फर्जी एप या अन्य माध्यम से मोबाइल की महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर APK का जाल
साइबर ठगों का दूसरा तरीका भी बेहद शातिर था। आरोपी SBI समेत दूसरे बैंकों के क्रेडिट कार्ड धारकों को फोन या मैसेज कर क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी होने का झांसा देते थे।इसके बाद पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई जाती थी। पुलिस के अनुसार, इसी के जरिए क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ था। पुलिस अब पूछताछ के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने में जुटी है।
क्रेशर के पीछे झुरमुट में छिपे थे तीन, पुलिस ने दबोचा
गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित क्रेशर के पीछे जोरिया के पास पलास के झुरमुट में छापेमारी की।पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें तसलीम अंसारी (20), मनाजीर अंसारी (21) दोनों चिरूडीह निवासी और अब्दुल लतीफ (27), बाकुडीह निवासी शामिल हैं।दूसरी कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में हुई। तालाब के बगल स्थित आम बागान में पुलिस ने छापेमारी कर उसमान गनी (25), अलगचुआ निवासी और जितेंद्र मंडल (43), मट्टांड़ निवासी को गिरफ्तार किया।पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किये हैं।
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इनके जरिए कितने लोगों को निशाना बनाया गया और इस साइबर नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
9 महीने में 122 साइबर अपराधी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के मामलों में जामताड़ा पुलिस ने कुल 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान पुलिस ने:
- 304 मोबाइल फोन
- 370 सिम कार्ड
- 22 एटीएम कार्ड
- 7 पासबुक
- 3 लैपटॉप
- 8 आधार कार्ड
- 3 पैन कार्ड
- 14.70 लाख रुपये नकद
- 11 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

