राँची में फुटपाथ पर अवैध होर्डिंग के खिलाफ रात में चला नगर निगम का डंडा, 4 बड़ी संरचनाएं हटाईं…

 

राँची।शहर में फुटपाथों को अवैध होर्डिंग और पैदल यात्रियों के आवागमन में बाधक संरचनाओं से मुक्त कराने के लिए राँची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है।निगम के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय और झारखण्ड हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में निगम की ओर से शुरू किए गए अभियान के तहत गुरुवार देर रात कांके रोड से हरमू बाईपास मार्ग तक बड़ी कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संबंधित एजेंसियों को अवैध होर्डिंग एवं बाधक संरचनाएं हटाने के लिए पहले ही 7 दिनों का समय दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद निगम की टीम ने रात करीब 10 बजे से अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान फुटपाथ और पैदल यात्रियों की आवाजाही में बाधक 2 अस्थायी बैम्बू होर्डिंग और 2 मोनोपोली यूनिपोल को हटाया गया। निगम की इस कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए विज्ञापन ढांचों पर शिकंजा कसने के संकेत मिल रहे हैं।

नगर निगम के अनुसार शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और बाधामुक्त पैदल आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निगम ने साफ किया है कि फुटपाथों पर पैदल यात्रियों की राह में बाधा बनने वाली संरचनाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

error: Content is protected !!